मानहानि केस में कंगना की अर्जी पर बोले जावेद अख्तर, सिर्फ सुनवाई को टालने की कोशिश की गई है
मुंबई, अक्टूबर 01। बॉलीवुड के मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर ने शुक्रवार को मुंबई मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में अपना एक बयान रिकॉर्ड कराया, जिसमें उन्होंने कहा कि उनके द्वारा दायर किए मानहानि के मामले के खिलाफ कंगना रनौत ने जो पिछले महीने केस ट्रांसफर की अर्जी लगाई थी वो एकदम 'निराधार' है। उन्होंने कहा कि कंगना की तरफ से सुनवाई में देरी की कोशिश की जा रही है।

कंगना ने पिछले महीने लगाई थी अर्जी
आपको बता दें कि कंगना ने पिछले महीने मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट के समक्ष याचिका दायर कर केस की सुनवाई किसी अन्य अदालत में ट्रांसफर करने की मांग की थी। कंगना ने अपनी अर्जी में कहा था कि दंडाधिकारी की अदालत के प्रति वह 'अपना विश्वास खो' चुकी हैं क्योंकि उसने जमानती अपराध के मामले में पेश नहीं होने पर वारंट जारी कर परोक्ष रूप से 'धमकाया' है।

कंगना की अर्जी सिर्फ सुनवाई में देरी करने के लिए
कंगना की उसी अर्जी के जवाब में जावेद अख्तर ने कहा है, "वर्तमान में केस को ट्रांसफर करने की याचिका निराधार है और खारिज किए जाने योग्य है।" जावेद अख्तर ने कहा कि कंगना सिर्फ ये कोशिश कर रही हैं कि सुनवाई में देरी की जा सके। जावेद अख्तर ने कहा कि यह याचिका अंधेरी महानगर दंडाधिकारी की अदालत में चल रही सुनवाई की प्रक्रिया को केवल लटकाने के इरादे से दायर की गई है।
Recommended Video

18 अक्टूबर को होगी मामले की अगली सुनवाई
आपको बता दें कि अब इस मामले में अगली सुनवाई 18 अक्टूबर को सुनवाई होगी। अंधेरी मजिस्ट्रेट के समक्ष पिछली सुनवाई के दौरान कंगना रनौत कोर्ट के समक्ष पेश हुई थीं, लेकिन मामला आगे नहीं बढ़ सका था, क्योंकि उन्होंने मामले को ट्रांसफर करने की मांग कर डाली थी। आपको बता दें कि इससे पहले मजिस्ट्रेट कोर्ट की कार्यवाही के खिलाफ कंगना की कई याचिकाओं को सेशन कोर्ट और हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications