अमिताभ बच्चन ने धाकड़ का गाना पोस्ट करके किया डिलीट तो कंगना बोलीं- क्या इतना बड़ा एक्टर भी दबाव में
मुंबई, 12 मई: अमिताभ बच्चन ने कंगना रनौत की फिल्म धाकड़ के एक गाने का प्रोमो सोशल मीडिया शेयर किया था और उनको बधाई दी थी। पोस्ट करने के कुछ देर बाद ही अमिताभ ने इसको डिलीट कर दिया। इस पर अब कंगना की प्रतिक्रिया आई है। कंगना ने कहा है कि अमिताभ जैसे बड़े एक्टर पर भी कोई दबाव है। अभिनेत्री ने कहा कि ऐसा लगता है कि दूसरे एक्टर उनकी तारीफ करने से बचते हैं।

कंगना बोलीं- मेरी तारीफ करने से डरते हैं सब
कंगना रनौत ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में कहा कि कोई फिल्म उनको अच्छी लगती है तो वो उसकी तारीफ करेंगी प्रशंसा करेंगी, चाहे उसे किसी ने भी बनाया हो। वह विवेक अग्निहोत्री और करण जौहर के बीच कोई भेद नहीं करती हैं। कंगना ने कहा कि उनको लगता है कि कुछ लोगों को सार्वजनिक रूप से उनके काम की प्रशंसा करने से रोका जाता है। अमिताभ बच्चन के उनकी फिल्म धाकड़ के एक गाने के प्रोमो को डिलीट करने का उदाहरण देते हुए कंगना ने कहा, उन्होंने दस मिनट में ही मेरे गाने को हटा दिया। उनके कद के एक्टर पर भी किसी का दबाव होगा? ये वाकई हैरान करने वाला है।

कियारा के बारे में कही ये बात
कंगना रनौत ने कहा, लोग मेरी तारीफ नहीं करना चाहते। कभी-कभी मुझे लगता है कि लोगों की अपनी बहुत-सी इनसिक्योरिटी हैं। हाल ही में कियारा से मुलाकात हुई और उसने मेरी तारीफ की। मैं सलमान खान की बहन अर्पिता की ईद पार्टी में गई तो हर कोई धाकड़ के ट्रेलर की बात कर रहा था। जब आप ट्रेलर से इतने इंप्रेस हुए हैं तो आप सभी इतना छिपे क्यों रहे हैं?

20 मई को आएगी धाकड़
कंगना रनौत की फिल्म धाकड़ 20 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। कंगना रनौत फिल्म में एक एजेंट का रोल कर रही हैं। फिल्म में उन्होंने काफी एक्शन किया है। फिल्म में कंगना के साथ अर्जुन रामपाल भी नजर आएंगे। कंगना की जल्दी ही तेजस और इमरजेंसी नाम की फिल्म भी आने वाली हैं।












Click it and Unblock the Notifications