कंगना रनौत करेंगी रावण दहन, दिल्ली की रामलीला में 50 साल में पहली बार महिला से कराया जाएगा ये काम
Kangana Ranaut On Ram Leela: आज देशभर में विजयदशमी उर्फ दशहरा मनाया जा रहा है। आज यानी 24 अक्टूबर 2023 को मां दुर्गा के विसर्जन के साथ साथ रावण के बड़े-बड़े पुतले भी फूंके जाएंगे। दिल्ली की फेमस रामलीला में भी इस बार एक खास नजारा देखने को मिलेगा। खबर है कि इस बार एक महिला के हाथों से चले तीर से रावण जलेगा। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत इस बार न सिर्फ दिल्ली की फेमस रामलीला में मौजूद रहकर उसकी शोभा बढ़ाएंगी बल्कि रावण दहन भी करेंगी।
कंगना रनौत करेंगी रावण दहन
दिल्ली के मशहूर 'लव कुश रामलीला' समिति के अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने खुद बताया है कि इस बार रावण दहन बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत के हाथों से होगा। आज यानी 24 अक्टूबर 2023 को दशहरे के अवसर पर कंगना रनौत दिल्ली की फेमस 'लव कुश रामलीला' में पहुंचेंगी। 'लव कुश रामलीला' समिति के अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बताया कि लाल किले पर हर साल आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के 50 साल के इतिहास में यह पहली बार होगा, जब कोई महिला तीर चलाकर रावण के पुतले को दहन करेंगी।

50 साल में पहली बार महिला के होगा रावण का अंत
अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने कहा कि समिति ने महिला आरक्षण विधेयक को संसद से मंजूरी मिलने के मद्देनजर ये फैसला लिया गया है। अध्यक्ष ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए कहा- चाहे वह फिल्म स्टार हो या राजनेता, हर साल हमारे कार्यक्रम में एक वीआईपी की मौजूदगी होती है। इससे पहले पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस कार्यक्रम में शामिल हो चुके हैं। वहीं बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन और जॉन अब्राहम भी इस आयोजन में शामिल हो चुके हैं। पिछले साल साउथ के फेमस एक्टर प्रभास ने दिल्ली की रामलीला में रावण दहन किया था।
कंगना रनौत की फिल्में
आपको बता दें कि बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत जल्द ही फिल्म तेजस में नजर आने वाली हैं। ये फिल्म आगामी 27 अक्टूबर 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके अलावा वह फिल्म 'इमरजेंसी' में भी नजर आने वाली हैं। ये फिल्म साल 2024 में रिलीज हो सकती है। ऐसे में कंगना रनौत का रावण दहन करना, एक प्रमोशनल स्टंट हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications