मां श्रीदेवी की बरसी पर भावुक हुईं जाह्नवी, कहा-'मुझे नफरत है इस बात से...'
नई दिल्ली, 25 फरवरी। आज बॉलीवुड की पहली लेडी सुपरस्टार श्रीदेवी की चौथी बरसी है। श्रीदेवी बॉलीवुड का खूबसूरत नगीना थीं, जिसमें अदाएं, एक्टिंग, नजाकत, सुंदरता, हंसी और डासिंग के सारे गुण मौजूद थे। श्रीदेवी के जैसा ना कोई था और ना ही कोई हो सकता है। बॉलीवुड का हर सदस्य श्रीदेवी को बहुत मिस करता है। आपको बता दें कि आज से चार साल पहले श्रीदेवी की मौत बाथटब में डूबने से हो गई थी।

मां श्रीदेवी की बरसी पर भावुक हुईं जाह्नवी
आज के दिन श्रीदेवी को उनके फैंस अपनी-अपनी तरह से याद कर रहे हैं लेकिन जिस तरह से उनकी बेटी जाहन्वी ने उन्हें याद करके अपनी पोस्ट लिखी है, वो सही में कलेजा छलनी कर देने वाला है। जाह्नवी ने सोशल मीडिया पर अपनी और श्रीदेवी की एक पुरानी फोटो को शेयर किया है।

मुझे नफरत है इस बात से कि आपके बिना मेरे जीवन ...
फोटो को शेयर करते हुए जाहन्वी ने लिखा है कि "मैंने आपके बिना जितने साल बिताए हैं, उससे ज्यादा अभी भी आपके साथ बिताए हैं। लेकिन मुझे नफरत है इस बात से कि आपके बिना मेरे जीवन का एक और साल बीत गया है। मुझे आशा है कि हम आपको अपने पर गर्व महसूस कराने में कामयाब रहे होंगे मम्मा, क्योंकि यही एक ऐसी चीज है जो हमें आगे बढ़ने की शक्ति देती है। लव यू हमेशा।"

दोनों अपनी मम्मा को मिस कर रही हैं
जाहन्वी की तरह उनकी छोटी बहन खुशी ने भी सोशल मीडिया पर अपनी और अपनी मां की तस्वीर को शेयर किया है, लेकिन उन्होंने कुछ लिखा नहीं है। आज के दिन दोनों बहनों की मनोस्थिति का अंदाजा आप लगा सकते हैं कि किस तरह से दोनों अपनी मम्मा को मिस कर रही हैं। दोनों की पोस्ट इस वक्त सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है और लोग इस पर कमेंट भी कर रहे हैं।

रूपहले पर्दे की मिस हवा-हवाई
गौरतलब है कि रूपहले पर्दे की मिस हवा-हवाई कही जाने वाली श्रीदेवी ने अपने पूरे 50 साल के सफल करियर में करीब 300 फिल्मों में काम किया था। श्रीदेवी का जन्म 13 अगस्त 1963 को तमिलनाडु में हुआ था। उन्होंने 1996 में निर्देशक बोनी कपूर से प्रेम विवाह किया था, वो बोनी की दूसरी पत्नी थीं, इस शादी से श्रीदेवी को दो बेटियां जाह्नवी और खुशी कपूर हैं।
श्रीदेवी की यादगार फिल्में
मालूम हो कि श्रीदेवी ने बतौर बाल-कलाकार अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। श्रीदेवी ने हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयाली और कन्नड़ की बहुत सारी फिल्मों में चाइल्ड आर्टिस्ट का रोल किया था। श्री की पहली हिंदी फिल्म 'सोलहवां सावन' थी। सदमा, हिम्मतवाला, जाग उठा इंसान, अक्लमंद, इन्कलाब, तोहफा, सरफरोश, बलिदान, नया कदम, नगीना, घर संसार, मकसद, सुल्तान, आग और शोला, भगवान, आखरी रास्ता, जांबांज, वतन के रखवाले, जवाब हम देंगे, औलाद, नजराना, कर्मा, हिम्मत और मेहनत, मिस्टर इंडिया, निगाहें, जोशीले ,गैर कानूनी, चालबाज, खुदा गवाह, लम्हे, हीर रांझा, चांदनी, रूप की रानी चोरों का राजा, चंद्रमुखी, चांद का टुकड़ा, गुमराह, लाडला, आर्मी, जुदाई, हल्ला बोल, इंग्लिश विंग्लिश और मॉम श्रीदेवी की यादगार फिल्में हैं।












Click it and Unblock the Notifications