Govinda Love Story: 'पहले छिपाया रिश्ता, फिर की दो बार शादी', गजब है बॉलीवुड के राजाबाबू की प्रेम कहानी
Govinda Love Story: बॉलीवुड के 'हीरो नंबर 1' यानी कि गोविंदा इस वक्त सुर्खियों में हैं, वजह है उनके साथ घटा एक हादसा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हिंदी सिनेमा के इस सुपर स्टार को 1 अक्टूबर 2024 को अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर से गलती से पैर में गोली लग गई।
जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी सर्जरी हुई है। फिलहाल अभी उनकी हालत स्थिर है।उनकी पत्नी सुनीता आहूजा और उनका पूरा परिवार इस वक्त उनके साथ है।

आपको बता दें कि मुंबई में जन्मे एक्टर गोविंदा ने करियर की शुरुआत फिल्म 'इल्जाम' से की थी। नंबे के दशक में गोविंदा हिंदी सिनेमा के 'राजाबाबू' थे।
फिल्मों में एंट्री से पहले ही सुनीता आहूजा पर दिल हार बैठे थे
लेकिन आपको जानकर हैरत होगी कि पर्दे पर हिंदी सिनेमा की हर टॉप अभिनेत्री के साथ इश्क लड़ा चुके गोविंदा फिल्मों में एंट्री से पहले ही सुनीता आहूजा पर दिल हार बैठे थे।
सुनीता और गोविंदा की मुलाकात एक पार्टी में हुई थी, जहां पहली ही नजर में दोनों ने एक-दूसरे को पसंद कर लिया था और फिर लंबी डेटिंग के बाद दोनों ने शादी कर ली लेकिन उस वक्त बॉलीवुड में एक बात फेमस थी कि शादीशुदा हीरो-हिरोईन को काम नहीं मिलता है इसलिए गोविंदा ने अपनी शादी की खबर को छिपाकर रखा था।
चार साल तक नहीं बताई शादी की बात क्योंकि...
सुनीता अपने पति से बेइंतहा प्यार करती थीं तो उन्होंने भी इस झूठ में गोविंदा का साथ दिया लेकिन वो दौर सुनीता के लिए काफी पीड़ादायक था। इस बात का खुलासा खुद गोविंदा की पत्नी ने मशहूर टीवी शो 'कपिल शर्मा शो' में किया था। वक्त आगे बढ़ा और गोविंदा रूपहले पर्दे से हिट स्टार बन गए, तब कहीं जाकर उन्होंने अपनी शादी की बात लोगों को बताई।
गोविंदा 49 साल के हो जाएंगे तो उन्हें दूसरी बार शादी करनी होगी
फिल्मी पर्दे पर सॉफ्ट रोल और कॉमेडी से लोगों का दिल जीतने वाले गोविंदा असल जीवन में काफी आध्यात्मिक हैं, वो अपनी मां की हर बात भी पत्थर की लकीर की तरह मानते थे इसी वजह से उन्होंने वो भी कर डाला जो कि आम तौर पर कोई कपल नहीं करता है। दरअसल उनकी मां ने उनसे कहा था कि जब गोविंदा 49 साल के हो जाएंगे तो उन्हें दूसरी बार शादी करनी होगी।
'मुझे 49 साल में दूसरी बार शादी करनी होगी इसलिए मैंने...'
एक्टर ने इंडिया टीवी के मशहूर शो 'आप की अदालत' में इस बारे में खुलासा किया था कि 'मेरी मां मेरे लिए सबकुछ थीं, उन्होंने कुछ वजहों से कहा था कि मुझे 49 साल में दूसरी बार शादी करनी होगी इसलिए मैंने सुनीता से दूसरी बार विवाह किया था।'
'नंबरों की गणना के ही आधार पर मुझे...'
गोविंदा ने कहा था कि 'मेरी मां को अंकज्योतिष पर बहुत भरोसा था और उन्होंने नंबरों की गणना के ही आधार पर मुझे दूसरी बार शादी रचाने को कहा था।'
28 मार्च 2024 को शिवसेना ( शिंदे गुट) ज्वाइन की
'आपको बता दें सुनीता और गोविंदा बॉलीवुड के खूबसूरत कपल्स में से एक हैं। इस कपल को शादी से दो बच्चे टीना और यशवर्धन आहूजा हैं। मालूम हो कि 28 मार्च 2024 को शिवसेना ( शिंदे गुट) के साथ दोबारा से अपनी सियासी पारी शुरू करने वाले गोविंदा ने साल 2004 में कांग्रेस के टिकट पर उत्तर मुंबई से चुनाव लड़ा था।
विधानसभा चुनाव में चुनावी दंगल में उतर सकते हैं गोविंदा!
उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री राम नाईक को हराकर बड़ी जीत हासिल की थी लेकिन कुछ वक्त बाद उनका राजनीति से मोहभंग हो गया था लेकिन 14 साल बाद इन्होंने फिर से राजनीति के पटल पर पांव रखा है, उम्मीद की जा रही है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में वो चुनावी दंगल में उतर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications