MM Baig Death: मशहूर फिल्ममेकर एम एम बेग का निधन, इस बुरी हालत में मिला एक्ट्रेस बेबी गुड्डू के पिता का शव
MM Baig Death: बॉलीवुड से एक बड़ी ही दुखद खबर सामने आई है। दिग्गज फिल्मकार एमएम बेग का 70 वर्ष में निधन हो गया है। मशहूर बाल कलाकार बेबी गुड्डू के पिता और 'छोटी बहू' के निर्देशक एमएम अपने घर में मृत पाए गए। 'रज़िया सुल्तान' जैसी फिल्मों के निर्देशन से जुड़े एमएम बेग की मौत की खबर प्रचारक हनीफ ज़ावेरी ने शेयर की है।
इस बुरी हालत में घर में पड़ा मिला शव
ज़ावेरी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को दिए बयान में बताया कि बेग कुछ समय से बीमार चल रहे थे और वो चार-पांच दिन से घर से बाहर नहीं निकले थे, जिसके बाद पड़ोसियों ने उनके घर से बदबू आने की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने दरवाजा खोला और बेग साहब का शव मिला, जिसकी सूचना उनकी बेटी को दी गई।"

जावेरी ने बताया देर रात लगभग 1:30-2:00 बजे उनका पार्थिव शरीर पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल ले जाया गया। "वह एक प्यारे इंसान थे। मैं उनकी दिवंगत आत्मा के लिए प्रार्थना करता हूं।
एमएम बेग की फिल्में
एमएम बेग ने अपने करियर की शुरुआत जय ओम प्रकाश, विमल कुमार और राकेश रोशन जैसे दिग्गजों के सहायक के रूप में की थी। उन्होंने गोविंदा की 'आदमी खिलौना है', 'जैसी करनी वैसी भरनी', 'कर्ज चुकाना है' तथा अनिल कपूर अभिनीत 'काला बाज़ार' और 'किशन कन्हैया' समेत कई फिल्मों पर काम किया।
एमएम बेग ने 'छोटी बहू' समेत कई फिल्मों का किया निर्देशन
एक स्वतंत्र निर्देशक के रूप में बेग ने दो फिल्में निर्देशित कीं नसीरुद्दीन शाह की फिल्म 'मासूम गवाह' (1990) और शिल्पा शिरोडकर अभिनीत 'छोटी बहू' (1994) की।
राकेश रोशन के पक्के दोस्त थे एमएम बेग
एमएम बेग का फिल्मकार राकेश रोशन से गहरा संबंध था। ज़ावेरी ने कहा, "बेग साहब राकेश रोशन साहब के साथ एक गर्मजोशी भरा रिश्ता साझा करते थे। वह ऋतिक रोशन को उच्चारण, आवाज के उतार-चढ़ाव और संवाद अदायगी में मदद करते थे, क्योंकि वे इन पहलुओं के अच्छे जानकार थे।" उनके अनुसार, बेग ने ऋतिक को उनकी पहली फिल्म 'कहो ना... प्यार है' से काफी पहले डायलॉग बोलने का अभ्यास कराया था।
एमएम बेग की बेटी 'बेबी गुड्डू' हैं फेमस बाल कलाकार
बेग की बेटी शाहिंदा बेग, जो 'बेबी गुड्डू' नाम से मशहूर थीं, 1980 के दशक की हिंदी सिनेमा की सबसे प्रिय बाल कलाकारों में से एक थीं। उनकी लोकप्रिय फिल्मों में राजेश खन्ना और स्मिता पाटिल की 'आखिर क्यों?', श्रीदेवी की 'नगीना', अनिल कपूर की 'प्यार किया है प्यार करेंगे' और जीतेंद्र व श्रीदेवी की 'औलाद' हैं।












Click it and Unblock the Notifications