'क्या कूल हैं हम' जैसी फिल्मों के निर्माता संगीत सिवन का निधन, बॉलीवुड में शोक की लहर
Sangeeth Sivan Passes Away: फिल्म निर्माता संगीत सिवन ने बुधवार को अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर की पुष्टि संगीत सिवन के भाई संजीव सिवन ने की। संजीव सिवन के अनुसार, 'क्या कूल हैं हम' के निर्देशक का मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में मूत्र संक्रमण का इलाज चल रहा था और दुर्भाग्यवश, बुधवार को उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ।
फोटोग्राफर-सिनेमैटोग्राफर सिवन के सबसे बड़े बेटे संगीत सिवन के परिवार में उनकी पत्नी जयश्री और बच्चे संजना और शांतनु हैं। फिल्म निर्माता की मृत्यु के बारे में जानने के बाद, 'यमला पगला दीवाना 2' में संगीत सिवन के साथ काम करने वाले एक्टर सनी देओल ने संवेदना व्यक्त की।

बॉलीवुड में शोक की लहर...
एक्टर सनी देओल ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि मेरे प्रिय मित्र संगीत शिवन के निधन के बारे में सुनकर स्तब्ध हूं, विश्वास नहीं हो रहा है कि आप अब हमारे बीच नहीं हैं। लेकिन, आप हमेशा हमारे दिल और यादों में हमारे साथ रहेंगे। उनके परिवार को इस क्षति से उबरने की ताकत ऊपर वाला दे।
अभिनेता रितेश देशमुख ने भी संगीत सिवन की याद में एक भावनात्मक नोट लिखा। संगीत सिवन ने रितेश अभिनीत 'अपना सपना मनी मनी' और 'क्या कूल हैं हम' का निर्देशन किया था। तुषार कपूर ने भी संगीत सिवन को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने संगीत को कॉमेडी फिल्मों में पेश करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि इस वक्त मैं जो महसूस कर रहा हूं उसे बताने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं।












Click it and Unblock the Notifications