'खून देखकर मैं सुन्न हो गई थी, मैं घबराने लगी थी', दीपिका कक्कड़ ने सुनाई प्रीमैच्योर डिलीवरी की दर्दनाक कहानी
Dipika Kakar Newborn Baby: टीवी एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ ने हाल ही में एक प्यारे से बेटे को जन्म दिया है जो अभी भी एनआईसीयू में है और इसके चलते एक्ट्रेस भी अस्पताल में ही हैं। दीपिका कक्कड़ ने अपना एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है औल लोगों को बताया है कि उस रात उनके साथ क्या हुआ था, जिसके कारण उनकी समय से पहले डिलीवरी करनी पड़ी है। आपको बता दें कि दीपिका कक्कड़ और उनके पति शोएब इब्राहिम गत 21 जून 2023 को एक प्यारे से बेटे के पैरेंट्स बने हैं। बच्चे के जन्म के एक हफ्ते बाद, दीपिका कक्कड़ ने अपनी डिलीवरी के बारे में लोगों से बात की है।
दीपिका कक्कड़ ने अपने लेटेस्ट वीडियो में बताया है- हमारा घर अस्पताल से बहुत दूर है। मैं जितना हो सके अपने बेटे के साथ रहना चाहती हूं। मैं दिन में 4-5 बार उससे मिलने जाती हूं। अगर मैं घर पर होती तो ये संभव नहीं हो पाता। इसलिए मैं अभी भी अस्पताल में ही हूं। उन्होंने आगे कहा- प्रार्थना कर रही हूं कि छोटू जल्द ही ठीक होकर मेरे पास आए और हम साथ में घर जाएं।

'ईद के दिन बच्चे को मेरी छाती पर रखा गया'
दीपिका कक्कड़ ने अपने वीडियो मे कहा है- ईद के दिन मुझे मेरी सबसे अच्छी ईदी मिली है। डॉक्टर ने 'कंगारू टच' शुरू करने की सलाह दी है। यह मूल रूप से बच्चे को पकड़ने की एक विधि है जिसमें स्किन से स्किन का संपर्क शामिल होता है। बच्चे को मेरी छाती पर रखा गया है ताकि हम जुड़ सकें। उन्होंने कहा- मैं इसे शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकती। जब मैंने उसे अपने पास रखा, तो वह सो रहा था, कुछ इशारे कर रहा था, यह बहुत जबरदस्त था।
दीपिका कक्कड़ ने बताई डिलीवरी से पहले की हालत
दीपिका कक्कड़ ने कहा- हम शोएब के जन्मदिन के स्पेशल डिनर के बाद रात के1.45 बजे घर लौट आए थे। घर में आकर फ्रेश होने के बाद जैसे ही मैं बेड पर लेटी मुझे पानी का झोंका महसूस हुआ। डॉक्टरों के अनुसार जब बच्चा अपना सिर अंदर की ओर धकेलता है तो मां का अपने टॉयलेट पर कोई नियंत्रण नहीं रह जाता है। उन्होंने कहा- मैंने वॉशरूम में जाकर देखा तो वह पानी जैसा था, उसका कोई कलर नहीं था। हालांकि मुझे वैसी ही ऐंठन महसूस हुई जैसा कि पीरियड्स के दौरान होती है। मैंने इसे पहली बार महसूस किया था।
'मैंने बाथरूम में खून के कुछ कतरे देखे थे'
दीपिका कक्कड़ ने कहा- इसके बाद शोएब भी रूम में आए और मैंने उन्हें इस बारे में सब कुछ बताया। ऐसा दोबारा हुआ और उसके बाद मुझे घबराहट होने लगी। मैं जैसे ही बेड पर लेट गई तो पानी का बहाव तेज हो गया और मैं उठकर सीधा बैठ गई। मैं बहुत घबरा गई थी क्योंकि यह असामान्य था। फिर जब मैं बेड से उठी तो मेरी ड्रेस और बेडशीट कुछ गुलाबी रंग की नजर आ रही थी। इसे देखकर मैं और ज्यादा डर गई। उन्होंने आगे कहा- मैंने शोएब से डॉक्टर को तुरंत बुलाने के लिए कहा। जब मैं खुद को साफ करने के लिए बाथरूम में गई थी, तो मैंने खून के कुछ कतरे भी देखे। मैं तो ये सब देखकर सुन्न हो गई थी।
प्रेग्नेंसी के दौरान खुद को शांत रखना जरूरी
दीपिका ने कहा- करीब 3 बजे डॉक्टर ने हमें अस्पताल आने की सलाह दी और कहा कि डिलीवरी आज ही हो सकती है। मैं ये बात सुनकर परेशान हो गई थी। अस्पताल जाते हुए मैं खुद को शांत कर रही थी और स्ट्रेस को कम करने के लिए खुद को समझा रही थी। प्रेग्नेंसी के दौरान खुद को शांत रखना बहुत जरूरी होता है। अपने अंदर की चिंता को दूर रखने के लिए मैं शोएब के साथ बात कर रही थी और हंस भी रही थी।
'मेरा बेटा प्रीमैच्योर पैदा हुआ है'
दीपिका ने अपनी डिलीवरी के बारे में बता करते हुए कहा- मैं जैसे ही अस्पताल पहुंची डॉक्टर ने मुझसे कहा कि अभी डिलीवरी होगी। इसके बाद मुझे एनआईसीयू में ले गए। मेरे साथ शोएब भी वहां पर गए। इसके बाद ऑपरेशन अच्छे से हुआ और मैंने बेटे को जन्म दिया। हालांकि डॉक्टर ने हमें बताया कि बच्चा प्रीमैच्योर हुआ है इसलिए उसे कुछ दिनों तक एनआईसीयू में ही रखा जाएगा। लेकिन इसमें घबराने की कोई बात नहीं हैं। दीपिका ने आगे कहा- हमने अपने बेटे के साथ बकरीद अस्पताल में ही मनाई। इस मौके पर पूरा परिवार हॉस्पिटल पहुंचा था।












Click it and Unblock the Notifications