अमीषा पटेल के खिलाफ कोर्ट ने जारी किया वॉरेंट, 11 लाख रुपए एडवांस लेकर इवेंट में नहीं किया डांस
एक्ट्रेस अमीषा पटेल पर 11 लाख रुपए लेकर इवेंट में न पहुंचने का आरोप लगाया गया है। ये मामला 5 साल पुराना है, जिसे लेकर अब अमीषा पटेल कानूनी पचड़े में फंस गई हैं।
मुंबई, 20 जुलाईः बॉलीवुड की कई फिल्मों में अपनी प्यारी एक्टिंग और खूबसूरती का जलवा बिखरने वाली एक्ट्रेस अमीषा पटेल मुसीबतों से घिरी नजर आ रही हैं। जानकारी के अनुसार एक्ट्रेस अमीषा पटेल के खिलाफ कोर्ट ने वॉरेंट जारी किया है। दरअसल अमीषा के खिलाफ ये वॉरेंट मुरादाबाद की एसीजेएम-5 कोर्ट ने जारी किया है। आपको बता दें कि कोर्ट द्वारा दी गई तारीख पर कोर्ट में मौजूद न होने के चलते अमीषा पटेल के खिलाफ गैर-जमानती वॉरेंट भी जारी किया जा सकता है। फिलहाल अमीषा पटेल को 20 अगस्त को एसीजेएम-5 कोर्ट में पेश होने के आदेश दिए गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उन पर 11 लाख रुपए लेकर इवेंट में न पहुंचने का आरोप लगाया गया है। ये मामला 5 साल पुराना है, जिसे लेकर अब अमीषा पटेल कानूनी पचड़े में फंस गई हैं।

शादी समारोह में करना था डांस
खबर है कि मुरादाबाद की एक इवेंट कंपनी ने अमीषा पटेल और उनके सहयोगियों पर 11 लाख रुपए लेने के बावजूद कार्यक्रम में न आने का आरोप लगाया है। मुरादाबाद के पवन वर्मा ड्रीम विजन नाम से इवेंट कंपनी चलाते हैं। उनका आरोप है कि बॉलीवुड एक्ट्रेस अमीषा पटेल को साल 2017 में मुरादाबाद में एक शादी समारोह में डांस करने के लिए आना था। इस इवेंट के लिए उन्होंने 11 लाख रुपये एडवांस लिए थे लेकिन अमीषा पटेल दिल्ली तक पहुंचीं पर मुरादाबाद नहीं आईं।

ज्यादा पैसे न देने पर हुईं नाराज
इवेंट कंपनी ने बताया कि दिल्ली से मुरादाबाद की दूरी ज्यादा बताकर उन्होंने 2 लाख रुपए और देने के लिए कहा। इवेंट कंपनी चलाने वाले पवन वर्मा के एक्ट्रेस को 2 लाख और न देने के कारण अमीषा पटेल बिना बताए वापस मुंबई चलीं गईं।

20 अगस्त को कोर्ट में होना होगा पेश
आरोप है कि अमीषा पटेल ने आज तक वो पैसा वापस नहीं किया है। इसे बाद ड्रीम विजन कंपनी के मालिक पवन वर्मा की ओर से अदालत में अमीषा पटेल और सहयोगियों के खिलाफ केस दायर किया गया। इस मामले में सुनवाई करते हुए कोर्ट ने 20 अगस्त 2022 को अमीषा पटेल और उनके 4 सहयोगियों को कोर्ट में पेश होने के लिए कहा है। सभी के खिलाफ वॉरेंट जारी किया गया है।

मुरादाबाद कोर्ट में देनी होगी हाजरी
आपको बता दें कि आरोपी लिस्ट में अमीषा पटेल, सुरेश कुमार, राजकुमार गोस्वामी,अहमद शरीफ के नाम शामिल हैं। अमीषा पटेल पर मुरादाबाद की अदालत में धारा 120 B, 406, 504, 420 और 506 आईपीसी के तहत मुकदमे की सुनवाई चल रही है। अब देखना होगा अमीषा पटेल 20 अगस्त को कोर्ट में पेश होती हैं या नहीं।

फिल्म 'गदर 2' में आएंगी नजर
एक्ट्रेस अमीषा पटेल जल्द ही फिल्म 'गदर 2' में नजर आएंगी। सालों बाद बन रही इस फिल्म में अमीषा पटेल एक बार फिर एक्टर सनी देओल के साथ स्क्रीन शेयर करेंगी। फैंस को इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार है। इसके अलावा अमीषा इवेंट्स और पार्टीज में भी नजर आती हैं। अमीषा पटेल ने फिल्मों से भले ही दूरी बना ली हो लेकिन सोशल मीडिया पर वह काफी एक्टिव हैं और अपनी बोल्ड तस्वीरें फैंस के लिए शेयर करती रहती हैं।












Click it and Unblock the Notifications