सुरक्षा जांच में कृत्रिम पैर हटाने पर CISF ने एक्ट्रेस सुधा चंद्रन से मांगी माफी, कहा- अब नहीं होगी दिक्कत
सुरक्षा जांच में कृत्रिम पैर हटाने पर CISF ने एक्ट्रेस सुधा चंद्रन से मांगी माफी, कहा- अब नहीं होगी दिक्कत
मुंबई, 22 अक्टूबर: टेलीविजन की मशहूर अभिनेत्री और डांसर सुधा चंद्रन ने एयरपोर्ट सिक्योरिटी जांच को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुजारिश की थी। सुधा चंद्रन सड़क हादसे में एक पैर गंवाने के बाद आर्टिफिशियल लिंब (कृत्रिम पैर) के सहारे चलती हैं। जिसकी वजह से एयरपोर्ट पर उन्हें जांच के लिए अपने कृत्रिम अंग निकाल कर सिक्योरिटी से गुजरना होता है। पीएम मोदी को टैग कर सुधा चंद्रन ने अपनी इसी परेशानी का जिक्र किया है। सुधा चंद्रन की शिकायत सुनने के बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने अधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक्ट्रेस से माफी मांगी और कहा है कि वह इस मामले में कार्रवाई करेंगे। सीआईएसए ने यह भी भरोसा दिलाया है कि सुधा चंद्रन को अब आगे से कोई दिक्कत नहीं होगी।

सुधा चंद्रन को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है: CISF
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने शुक्रवार (22 अक्टूबर) को अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर माफी मांगी है। सीआईएसएफ ने ट्वीट कर कहा, ''सुधा चंद्रन को हुई असुविधा के लिए हमें अत्यंत खेद है। प्रोटोकॉल के अनुसार विशेष परिस्थितियों में ही सुरक्षा जांच के लिए प्रोस्थेटिक्स (कृत्रिम अंग) को हटा कर जांच करने का प्रावधान है।''

'हम जांच करेंगे कि महिलाकर्मी ने सुधा चंद्रन के कृत्रिम अंग क्यों निकलवाएं'
सीआईएसएफ ने अपने एक अन्य ट्वीट में कहा, ''हम जांच करेंगे कि संबंधित महिलाकर्मियों ने सुधा चंद्रन से प्रोस्थेटिक्स (कृत्रिम अंग) को हटाने का अनुरोध क्यों किया। हम सुधा चंद्रन को आश्वस्त करते हैं कि हमारे सभी कर्मियों को प्रोटोकॉल पर फिर से संवेदनशील बनाया जाएगा ताकि यात्रा करने वाले यात्रियों को कोई असुविधा न हो।''

सुधा चंद्रन ने पीएम मोदी से की थी ये गुजारिश
भरतनाट्यम नृत्यांगना सुधा चंद्रन ने वीडियो शेयर कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुजारिश की थी कि एयरपोर्ट पर कृत्रिम अंग निकाल कर सिक्योरिटी जांच करने वाले मामले पर ध्यान दिया जाए। सुधा चंद्रन का कहना है कि कृत्रिम अंग को निकालना बहुत ही पीड़ादायक प्रक्रिया है। सुधा चंद्रन ने पीएम मोदी से मांग की है कि सभी वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक प्रकार का सीनियर सिटीजन कार्ड बनाया जाए ताकि उन्हें एयरपोर्ट से आन-जाने में परेशानियों का सामना ना करना पड़े।












Click it and Unblock the Notifications