'सुहागरात पर वो कांपने लगा था, रोने लगा था', Chiraiya का खौफनाक सीन, शूट करते वक्त टूट गए सिद्धार्थ शॉ
Chiraiya Siddharth Shaw: हाल ही में OTT प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर रिलीज हुई वेब सीरीज 'चिरैया' (Chiraiya) ने दर्शकों के बीच गहरी छाप छोड़ी है। दिव्या दत्ता (Divya Dutta) स्टारर इस वेब सीरीज ने मैरिटल रेप, पितृसत्तात्मक सोच और शादी के बाद महिला की सहमति जैसे संवेदनशील मुद्दों को बेहद प्रभावशाली तरीके से लोगों के सामने पेश किया है।
सुहागरात वाले दृश्य ने दर्शकों को झकझोर दिया
आपको बता दें कि 'चिरैया' वेब सीरीज के एक खास सीन, सुहागरात वाले दृश्य, ने दर्शकों को अंदर तक झकझोर कर रख दिया है। इस सीन में पति द्वारा पत्नी के साथ जबरदस्ती दिखाई गई है, जिसने सोशल मीडिया पर तीखी बहस छेड़ दी है। हालांकि इस सीन में पति का किरदार निभाने वाले सिद्धार्थ शॉ (Siddharth Shaw) को लोगों की नाराजगी और ट्रोलिंग का सामना भी करना पड़ा है।

अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाए सिद्धार्थ
पर्दे पर नजर आने वाली ये कठोरता असल जिंदगी में एकदम उलट थी। इस सीन को शूट करते वक्त एक्टर सिद्धार्थ शॉ खुद अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाए थे।
प्रसन्ना बिस्ट का चौंकाने वाला खुलासा
वेब सीरीज में उनकी को-स्टार प्रसन्ना बिस्ट (Prasanna Bisht) ने एक इंटरव्यू में इस पल का जिक्र करते हुए बताया है कि जैसे ही सुहागरात सीन का पहला टेक शुरू हुआ, सिद्धार्थ अचानक कांपने लगे थे और उनकी आंखों से आंसू बहने लगे थे। स्थिति को संभालने के लिए शूटिंग कुछ समय के लिए रोकनी पड़ी थी ताकि वह खुद को संभाल सकें।
सिद्धार्थ शॉ अंदर तक सहम गए थे
-जब इस बारे में सिद्धार्थ शॉ से पूछा गया तो उन्होंने स्वीकार किया कि वह खुद भी नहीं समझ पाए कि उस वक्त उनके भीतर क्या चल रहा था। उनके मुताबिक इस सीन की पहले से कई बार रिहर्सल की गई थी और य एक तरह की कोरियोग्राफी की तरह तैयार किया गया था।
-बावजूद इसके जब कैमरा चला तो सिद्धार्थ के भीतर अचानक गहरा इमोशनल उबाल आ गया था। उन्होंने कहा कि उस पल जो महसूस हुआ, उसे आज तक शब्दों में बयां नहीं कर पाए हैं।
सेट पर सुरक्षा और तैयारी का रखा गया पूरा ध्यान
प्रसन्ना बिष्ट ने ये भी साफ किया कि इस तरह के संवेदनशील सीन की शूटिंग के दौरान सेट पर इंटिमेसी कॉर्डिनेटर मौजूद थे और सभी जरूरी सावधानियां बरती गई थीं। उन्होंने बताया कि वह और सिद्धार्थ कई सालों से एक-दूसरे को जानते हैं, जिससे उनके बीच सहजता थी लेकिन जैसे ही इस दर्दनाक सीन को फिल्माने की बारी आई, माहौल इतना भारी हो गया कि सिद्धार्थ भावुक हो उठे थे।
20 मार्च 2026 से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रही है 'चिरैया'
वेब सीरीज 'चिरैया' गत 20 मार्च 2026 को ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर रिलीज हुई है और रिलीज के साथ ही चर्चा में आ गई है। इस सीरीज में संजय मिश्रा, टीनू आनंद, सरिता जोशी और अन्य कलाकारों ने भी अहम भूमिकाएं निभाई है।
सिद्धार्थ शॉ का एक्टिंग करियर
वहीं सिद्धार्थ शॉ के करियर की बात करें तो वह इम्तियाज अली की फिल्म 'लव आज कल' (2020) में नजर आ चुके हैं। इसके अलावा वह जियो हॉटस्टार की पॉपुलर वेब सीरीज 'क्रिमिनल जस्टिस सीजन 3' में भी काम कर चुके हैं। सिद्धार्थ शॉ थिएटर की दुनिया में भी काफी मशहूर हैं।












Click it and Unblock the Notifications