एक भयानक हादसे ने बर्बाद कर दिया था चंद्रचूड़ सिंह का फिल्मी करियर, 8 महीने तक बिस्तर पर थे लेटे और फिर....
Chandrachur Singh Accident: बॉलीवुड एक्टर चंद्रचूड़ सिंह को हाल ही में उनके बेटे के साथ मुंबई एयरपोर्ट के बाहर स्पॉट किया गया है। चंद्रचूड़ सिंह ने हंसते हुए अपने बेटे के साथ पैपराजी को जमकर पोज भी दिए। उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग उनके इस अच्छे व्यवहार की जमकर तारीफ कर रहे हैं। उन्होंने पैपराजी से खुलकर बात भी की और हाथ जोड़कर उनका अभिवादन भी किया। इस वीडियो के वायरल होने के बाद से लोग एक्टर चंद्रचूड़ सिंह के बारे में सोशल मीडिया पर कई तरह की बातें खोज रहे हैं।
आपको बता दें कि चंद्रचूड़ सिंह भले ही इंडस्ट्री में ज्यादा फेमस न हो पाए हों लेकिन उन्होंने खुद के दम पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने एक स्कूल टीचर की नौकरी से निकल कर फिल्म इंडस्ट्री में जिस तरह अपनी पहचान बनाई वह सही में कई लोगों के लिए प्रेरणादयाक है। 90 के दशक में चंद्रचूड़ सिंह ने कई फिल्मों में शानदारि एक्टिंग की है। इसके बाद एक बड़ी दुर्घटना के चलते चंद्रचूड़ सिंह इंडस्ट्री से गायब हो गए थे। आइए आपको बताते हैं कैसा रहा बॉलीवुड इंडस्ट्री में चंद्रचूड़ सिंह का सफर और कैसे बर्बाद हुआ था उनका करियर।

टीचर की नौकरी छोड़ शुरू की थी एक्टिंग
कुछ समय पहले चंद्रचूड़ सिंह ने इंडस्ट्री में अपनी वापसी की है और वह पूर्व मिस वर्ल्ड और बॉलीवुड एक्ट्रेस सुष्मिता सेन के साथ वेब सीरीज आर्या में नजर आए थे। इसके अलावा वह फिल्म 'कठपुतली' में भी दिखाई दिए थे जहां वह अक्षय कुमार के जीजा बने थे। उन्होंने इस फिल्म में एक पुलिस ऑफिसर का किरदार निभाया था। अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह फिल्मों में आने से पहले स्कूल टीचर थे। उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह एक दिन इंडस्ट्री में बतौर अभिनेता अपनी पहचान बना सकेंगे।
स्कूल में सिखाते थे म्यूजिक
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में जन्में चंद्रचूड़ सिंह को बचपन से ही एक्टिंग का बहुत शौक था। उन्हें गाने का भी काफी शौक था, इसलिए उन्होंने क्लासिकल सिंगिंग की ट्रेनिंग भी ली थी। स्कूल और कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद चंद्रचूड़ सिंह ने दिल्ली के वसंत वैली स्कूल में म्यूजिक सिखाना शुरू किया था। उन्होंने दून स्कूल में बच्चों को हिस्ट्री भी पढ़ाई थी। बच्चों को पढ़ाने के साथ-साथ चंद्रचूड़ सिंह आईएएस बनने की तैयारी भी कर रहे थे।
पहली फिल्म के बंद होने पर 5 साल तक नहीं मिला था काम
इसके बाद साल 1990 में उन्हें एक फिल्म का ऑफर मिला था जिसके चलते वह स्कूल में टीचर की नौकरी छोड़ मुंबई चले गए थे। इस फिल्म की उन्होंने आधे से ज्यादा शूटिंग भी पूरी कर ली थी लेकिन वह फिल्म बीच में ही बंद हो गई थी। इसके बाद पांच साल तक चंद्रचूड़ सिंह को किसी भी फिल्म में काम करने का मौका नहीं मिला था। लेकिन फिर वह फिल्म 'माचिस' से इंडस्ट्री पर छा गए थे।
साल 2001 में एक्टर के साथ हुई थी बड़ी दुर्घटना
फिल्म 'माचिस' के बाद चंद्रचूड़ सिंह ने कई हिट फिल्मों में काम किया था और इसमें कुछ मल्टी-स्टारर फिल्में भी शामिल थीं। उन्होंने 'दाग: द फायर' और 'जोश' जैसी सुपरहिट फिल्मों में भी काम किया। साल 2001 तक उनकी लाइफ में सबकुछ सही चल रहा था, लेकिन गोवा में वॉटर स्कीइंग के दौरान हुए एक एक्सीडेंट ने उनका फिल्मी करियर बर्बाद कर दिया था।
एक्सीडेंट की वजह से बढ़ गया था वजन
गोवा में हुए भयानक एक्सीडेंट के बाद चंद्रचूड़ सिंह लंबे समय के लिए फिल्मों से दूर हो गए थे। दुर्घटना में उनके कंधे में काफी चोट आई थी और वह कई दिनों तक बिस्तर से हिल नहीं सके। उन्हें 8 महीने तक बेड रेस्ट करने की सलाह दी गई थी। बेड पर लंबे समय तक लेटे रहने की वजह से उनका वजन काफी बढ़ गया था। बढ़ते वजन के साथ उनकी फिटनेस बिल्कुल खराब हो गई थी और उन्हें फिल्में मिलना बंद हो गया था। हालांकि चंद्रचूड़ सिंह ने हार नहीं मानी और साल 2012 में उन्होंने दोबारा बड़े पर्दे पर वापसी की थी।












Click it and Unblock the Notifications