'सब कुछ खाली-खाली लग रहा होगा', सायरा बानो की हालत को लेकर भावुक हुए धर्मेंद्र
धर्मेंद्र ने चार दिन पहले ही फोन पर सायरा बानो से बात की थी, जिसमें उन्हें उनकी बीमारी का पता चला।
नई दिल्ली, 2 सितंबर: दिग्गज बॉलीवुड अभिनेत्री और दिवंगत अभिनेता दिलीप कुमार की पत्नी सायरा बानो की तबीयत ज्यादा खराब होने के बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। सायरा बानो को छाती में जकड़न की शिकायत थी और मुंबई के हिंदुजा हॉस्पिटल में पिछले तीन दिन से उनका इलाज चल रहा था। बुधवार को जब उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ी तो डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया। इस बीच फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र ने भी बताया है कि कुछ दिन पहले ही उनकी सायरा बानो से फोन पर बात हुई थी, जिसमें उन्होंने अपनी खराब तबीयत का जिक्र किया था।

'चार दिन पहले ही सायरा से बात हुई थी'
एक एंटरटेनमेंट न्यूज वेबसाइट को दिए गए इंटरव्यू में धर्मेंद्र ने बताया, 'अभी चार दिन पहले ही सायरा बानो से फोन पर मेरी बात हुई थी। पहले तो उनसे संपर्क ही नहीं हो पाया, लेकिन बाद में सायरा बानो का फोन आया। तब उन्होंने बताया कि उनकी तबीयत खराब चल रही है। बातचीत के दौरान मैंने ज्यादा सवाल नहीं पूछे, लेकिन आप समझ सकते हैं कि दिलीप कुमार के निधन के बाद वो कैसा महसूस कर रही होंगी। सबकुछ खाली खाली लग रहा होगा।'
Recommended Video

डॉक्टरों की विशेष निगरानी में सायरा बानो
इससे पहले सायरा बानो के पारिवारिक मित्र फैसल फारूकी ने बताया कि उन्हें छाती में जकड़न की समस्या है और डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है। हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के मुताबिक, फैसल फारूकी ने कहा, 'तबीयत बिगड़ने की वजह से सायरा बानो को तीन दिन पहले खार के हिंदुजा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और कोरोना वायरस महामारी को देखते उन्हें डॉक्टरों की विशेष निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों ने उनके कुछ टेस्ट किए हैं, जिनकी रिपोर्ट आनी बाकी है और अभी उन्हें आराम करने की सलाह दी गई है।'

अफवाह है हार्ट अटैक की खबर
वहीं, फैसल फारूकी ने उन खबरों का खंडन किया, जिनमें बताया जा रहा था कि सायरो बानो कोरोना वायरस से संक्रमित हैं और उन्हें हार्ट अटैक आया है। फैसल फारूकी ने इन खबरों को अफवाह बताते हुए कहा, 'हार्ट अटैक नहीं था, छाती में जकड़न की वजह से उन्हें अस्पताल लाया गया था। कई डॉक्टरों का मानना है कि मौसम में आए बदलाव की वजह से उन्हें यह दिक्कत हुई है। और, वो कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं हैं।' फैसल फारूकी ने यह भी बताया कि जुलाई में दिलीप कुमार के निधन के बाद से सायरा बानो काफी तनाव में रहीं और उनकी तबीयत खराब रहने लगी है।

'देखो धरम, साहेब ने पलक झपकी है'
आपको बता दें कि जिस दिन दिलीप कुमार का निधन हुआ था, उस दिन भी धर्मेंद्र उनके घर पहुंचे और सायरा बानो को हिम्मत बंधाई। दिलीप कुमार के अंतिम संस्कार के बाद धर्मेंद्र ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'जब सायरा बानो ने मुझसे कहा- देखो धरम, साहेब ने पलक झपकी है...दोस्तों जान निकल गई मेरी। दोस्तों मुझे दिखावा नहीं आता, लेकिन मैं अपने जज्बात पर काबू भी नहीं रख सकता। आपको अपना समझकर कह जाता हूं...मालिक मेरे प्यारे भाई को जन्नत नसीब करे।'

धर्मेंद्र और दिलीप कुमार ने इन फिल्मों में किया था साथ काम
दिलीप कुमार के निधन से धर्मेंद्र को गहरा सदमा लगा था और वो उस दिन पूरे समय उनके पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे थे। दिलीप कुमार को धर्मेंद्र अपना भाई मानते थे। निधन के दिन जब मीडिया ने उनसे बात की, तो धर्मेंद्र ने केवल इतना कहा कि आज उनका भाई इस दुनिया में उन्हें अकेला छोड़कर चला गया। धर्मेंद्र और दिलीप कुमार ने पारी, अनोखा मिलन और ज्वार भाटा फिल्मों में साथ काम भी किया था।
ये भी पढ़ें- बिग बॉस OTT: बात-बात में रोमांटिक होने वाले शमिता और राकेश में हुई लड़ाई, बाथरूम में जाकर खूब रोईं शमिता











Click it and Unblock the Notifications