मीका सिंह को बॉम्बे हाई कोर्ट से मिली बड़ी राहत, राखी सावंत को जबरन Kiss करने का मामला किया गया रद्द
Mika Singh and Rakhi Sawant: बॉलीवुड के फेमस सिंगर मीका सिंह को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खबर है कि मीका सिंह को बॉम्बे हाई कोर्ट ने आज यानी 15 जून (गुरुवार) को बड़ी राहत दी है। सोशल मीडिया क्वीन और एक्ट्रेस राखी सावंत को जबरन किस करने के आरोप में साल 2006 में सिंगर मीका सिंह के खिलाफ दर्ज मामले को बॉम्बे हाई कोर्ट ने खारिज कर दिया है।
एनएनआई की खबर के अनुसार न्यायमूर्ति ए एस गडकरी और न्यायमूर्ति एस जी डिगे की खंडपीठ ने एक्ट्रेस राखी सावंत द्वारा प्रस्तुत एक हलफनामे का संज्ञान लेते हुए मामले में दायर एफआईआर और आरोप पत्र को खारिज कर दिया है। आपको बता दें कि इस हलफनामे में बताया गया था कि मीका सिंह और राखी सावंत ने इस मामले को कोर्ट के बाहर ही सुलझा लिया है।

जानकारी के अनुसार इस मामले में 11 जून 2006 को एफआईआर दर्ज की गई थी। एफआईआर के अनुसार मीका सिंह ने मुंबई में एक रेस्तरां में अपने जन्मदिन की पार्टी के दौरान कथित तौर पर राखी सावंत को जबरन किस किया था। इस घटना के बाद मीका सिंह पर आईपीसी की धारा 354 (छेड़छाड़) और 323 (हमला) के तहत आरोप लगाए गए थे।
मीका सिंह ने अप्रैल 2023 में पुलिस द्वारा दायर की गई एफआईआर और बाद में दायर की गई चार्जशीट को रद्द करने के लिए बॉम्बे हाई कोर्ट का रुख किया था। वहीं बॉम्बे हाई कोर्ट ने आज राखी सावंत द्वारा प्रस्तुत हलफनामे का अवलोकन किया और उसके बाद ही अदालत ने एफआईआर और चार्जशीट को रद्द कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications