कौन है एल्विश के घर पर फायरिंग करवाने वाली 'भाऊ गैंग', यूट्यूबर की एक हरकत से है नाराजगी, कहा 'कीड़े-मकोड़े'
यूट्यूबर एल्विश यादव एक बार फिर परेशानियों में घिरते नजर आ रहे हैं। 17 अगस्त की सुबह उनके गुरुग्राम स्थित घर पर सुबह लगभग 6 बजे गोलीबारी की घटना सामने आई। बाइक पर सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने करीब 24 राउंड गोलियां चलाईं। मौके से गोलियों के खोखे पुलिस को मिले हैं।
घटना के वक्त एल्विश घर पर मौजूद नहीं थे। उनकी माँ सुषमा यादव और एक केयरटेकर घर के अंदर थे, जो सुरक्षित हैं। अब इस घटना की जिम्मेदारी एक गैंग ने ले ली है। जिसका नाम 'भाऊ गैंग' है। गैंगस्टर नीरज फरीदपुर और भाऊ रिटौलिया ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि एल्विश के घर पर हमला उन्होंने करवाया है।

सोशल मीडिया पोस्ट में गैंग ने लिखा, "इसने सट्टे (बेटिंग ऐप) का प्रमोशन किया है, जिससे कई घर बर्बाद हुए हैं। सोशल मीडिया के कीड़ों को वॉर्निंग है कि जो सट्टे का प्रमोशन करते मिल गया, उसके पास गोली या कॉल कभी भी आ सकती है। जो भी सट्टे वाले हैं, वे तैयार रहें। ये एक वायरल सोशल मीडिया पोस्ट है। जिसकी पुष्टि oneindia hindi नहीं करता। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।
एल्विश यादव के पिता राम अवतार यादव ने बताया कि तीन बदमाशों ने उनके घर पर करीब 25 से 30 राउंड फायरिंग की। उन्होंने कहा, "जब घटना हुई, मैं सो रहा था। पुलिस प्रशासन अपना काम कर रहा है और हमें भरोसा है कि जांच सही तरीके से होगी।"
राम अवतार यादव ने कहा, "सुबह करीब साढ़े पाँच बजे हमें आवाज़ सुनाई दी। बाहर आकर देखा तो पता चला कि यहाँ गोलियाँ चली हैं... फिर हमने तुरंत सीसीटीवी चेक किया। पता चला कि दो लोग ज़रूर थे, और शायद कोई तीसरा भी होगा। हमने पुलिस को सूचना दी... इन लोगों ने 15 राउंड से ज़्यादा गोलियाँ चलाईं... एल्विश यहाँ बहुत कम आता है। आमतौर पर वो अपने काम की वजह से बाहर ही रहता है... भगवान उन लोगों को सद्बुद्धि दे जिन्होंने ऐसा किया... एल्विश ठीक है, मैंने उससे बात की है... स्वाभाविक है, हमें डर लग रहा है..."












Click it and Unblock the Notifications