भाग्यश्री के बेटी अवंतिका का खुलासा- नहीं देख सकी थीं मां की फिल्म मैंने प्यार किया, निकल आई थी बाहर
मुंबई, 9 फरवरी: एक्ट्रेस भाग्यश्री की बेटी अवंतिका दसानी जल्दी ही फिल्मों में डेब्यू करने जा रही हैं। उनकी मां भाग्यश्री ने 1989 में सूरज बड़जात्या की सुपरहिट फिल्म मैंने प्यार किया से करियर शुरू किया था। जिसमें वो सलमान खान के साथ दिखी थीं। भाग्यश्री और सलमान की ये फिल्म आज भी दर्शकों को पसंद आती है लेकिन अवंतिका ने जब पहली बार मैंने प्यार किया को देखा था तो वो परेशान हो गई थीं। यहां तक कि वो फिल्म के बीच में ही उठ गई थीं। खुद अवंतिका ने ये बताया है।

मम्मी को परेशान नहीं देख सकी
इंडियन एक्सप्रेस से एक बातचीत में अवंतिका ने कहा कि मम्मी की फिल्म मैंने प्यार किया को उन्होंने जब देखा तो वो काफी छोटी थीं। अवंतिका ने कहा कि जब मैं पहली बार ये फिल्म देख रही थी तो मैं बहुत परेशान हो गई। इसकी वजह मम्मी का रोल था, फिल्म में उनको परशान देख मैं भी दुखी हो गई। यहां तक कि मैं स्क्रीन के सामने बैठी भी नहीं रह सकी और कमरे से बाहर निकल गई।

बाद में अहसास हुआ कितनी खास ये फिल्म
अवंतिका ने कहा कि बचपन में वो फिल्म को समझ नहीं पाईं। बाद में उनको अहसास हुआ कि लोगों और उनकी मां भाग्यश्री के लिए इस फिल्म का क्या मतलब है। मैंने देखा कि हम कहीं भी जाते हैं तो आज फिल्म की रिलीज के 30 साल बाद भी लोग मां के रोल को याद करते हैं। ये हमें यह भी अहसास कराता है कि आपके शानदार काम को सालों तक लोग प्यार देते हैं।

मैं काफी भावुक हूं
अवंतिका कहती हैं कि मैं काफी भावुक और संवेदनशील किस्म की हूं। इसके चलते मेरे माता-पिता और भाई दोनों ही मेरे लिए चिंतित थे। इसकी वजह ये है कि फिल्मों में हमें कई उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ता है। हालांकि मेरा उत्साह देखते हुए परिवार ने मुझे फिल्मों में आने की परमिशन दी।

एक्टिंग डेब्यू करने जा रही हैं अवंतिका देसानी
भाग्यश्री की बेटी अवंतिका दासानी ZEE5 की मिथ्या के साथ अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत करने जा रही हैं। उनके साथ हुमा कुरैशी नजर आएंगी। अवंतिका के भाई अभिमन्यु दसानी भी एक्टर हैं। उन्होंने मर्द को दर्द नहीं होता के साथ बॉलीवुड में अपनी शुरुआत की थी।












Click it and Unblock the Notifications