भाभी जी घर पर हैं सीरियल में 'गिल्ली' की एंट्री, 'दीक्षा साहू' ने निभाया बेहतरीन रोल
सागर में नुक्कड़ नाटक से अपने एक्टिंग की शुरुआत करने वाली दीक्षा साहू अब लोकप्रिय टीवी सीरियल भाभीजी घर पर हैं सीरियल में नजर आ रही हैं। उनकी एंट्री गिल्ली के किरदार के माध्यम से हुई है।


दयाबाई नाम की फिल्म से एक्टिंग के कॅरियर की शुरुआत
मध्यप्रदेश स्कूल ऑफ ड्रामा में एक्टिंग की ट्रेनिंग लेने के बाद मुंबई विश्वविद्यालय से थिएटर एंड आर्ट्स में मास्टर्स किया और फिर उन्हें दयाबाई नाम की फिल्म में पहला रोल मिला। यह फिल्म अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड के लिए भारत से भेजी गई थीं। इसके बाद दो फीचर फिल्म और तीन वेब सीरिज में मुख्य भूमिका अदा की। करीब 10 साल के संघर्ष के बाद उन्हें भाभाजी घर पर हैं जैसे बड़े सीरियल में रोल मिला है। दीक्षा की बड़ी बहन दीपजी साहू भी मुंबई में उनके साथ रहती हैं और एक्टिंग के क्षेत्र में कदम से कदम मिलाकर चल रही हैं।

दीक्षा का कहना-परिवार और गुरू के सपोर्ट से मिली सफलता
दीक्षा बतातीं हैं कि उनके करियर में सबसे बड़ा सपोर्ट परिवार का रहा है। मिडिल क्लास फैमली को बेटी के लिए मुंबई भेजना आसान नहीं होता, लेकिन उन्हें मुझ पर पूरा भरोसा था। वहीं थिएटर के करियर में मुझे जो गुरू मिले उन्होंने मेरी मेहनत को देखते हुए मुझे आगे बढ़ने का अवसर दिया, जिसके कारण आज मैं इस मुकाम पर हूं। मेरी सफलता का श्रेय इन दोनों को ही जाता है।

बहन के साथ कदम से कदम मिलाकर सीखे एक्टिंग के गुर
दीक्षा साहू बतातीं हैं कि एक्सीलेंस स्कूल से 12वीं और सागर विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन करने के बाद उन्हें 2012 में एक नुक्कड़ नाटक करने का मौका मिला। इसके बाद उन्होंने अभिनेता गोविंद नामदेव द्वारा आयोजित एनएसडी वर्कशॉप में हिस्सा लिया और अन्वेषण (अर्थव) ग्रुप के साथ थिएटर की बारीकियां सीखीं, जिसके बाद उन्होंने एक्टिंग में कैरियर बनाने की ठान ली।

कड़ी मेहनत और संघर्ष से मुकाम हासिल किया
सागर की बेटी को छोटे पर्दे पर देखकर परिवार के लोगों सहित शहरवासियों में खासा उत्साह है। दीक्षा वृंदावन वार्ड के अहमद नगर की निवासी हैं। दीक्षा के पिता स्व. गोकुल प्रसाद साहू सेना में थे। वहीं मां दया साहू हैं। दीक्षा मिडिल क्लास फैमिली से आती हैं, जिन्होंने अपनी कड़ी मेहनत और संघर्ष से यह मुकाम हासिल किया है। दीक्षा के एक्टिंग करियर की शुरुआत सागर में नुक्कड़ नाटक से हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications