'काश! मैं भी लड़का होती', आयुष्मान खुराना की कविता हुई वायरल, कोलकाता डॉक्टर केस को लेकर कही ऐसी बात
Ayushmann Khurrana On Kolkata Doctor Case: कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर के रेप और हत्या ने इस समय पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। लोगों के अंदर इस हादसे को लेकर गुस्सा भर गया है और कैंडल मार्च कर न्याय की मांग की जा रही है।
आयुष्मान खुराना की कविता हुई वायरल
आम लोगों से लेकर कई बॉलीवुड हस्तियों ने भी आरोपी के लिए कड़ी सजा की मांग की है। इसी बीच बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना की एक कविता सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस कविता को सुनकर किसी का भी दिल रोने लगेगा।

कविता को सुनकर हर कोई सिहर उठेगा
आयुष्मान खुराना ने कोलकाता के आरजी कर अस्पताल की ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुई बर्बरता के बीच एक कविता सुनाई है जो इस समय इंटरनेट पर तबाही मचा रही है। इस कविता को सुनकर हर कोई सिहर उठेगा। अपनी फिल्मों और कला के जरिए सामाजिक मुद्दों पर अपनी बात लोगों के सामने रखने वाले बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना की इस कविता को ट्रेनी डॉक्टर के रेप और हत्या से जोड़कर देखा जा रहा है।
आयुष्मान खुराना ने अपनी इस कविता का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है, जिसमें वह कविता पढ़ते नजर आ रहे हैं। इस कविता को सुनकर किसी के भी आंखों से आंसू निकल आएंगे।
काश! मैं भी लड़का होती
मैं भी बिना कुंडी लगाकर सोती, काश मैं भी लड़का होती।
झल्ली बनकर दौड़ती उड़ती सारी रात दोस्तों के साथ फिरती,
काश मैं भी लड़की होती।
कहते सुना है सबको कि लड़की को पढ़ाओ-लिखाओ सशक्त बनाओ।
और जब पढ़-लिखकर डॉक्टर बनती तो मेरी मां ना खोती उसकी आंखों का मोती,
काश मैं भी लड़का होती।
36 घंटे का कार्य दुश्वार हुआ, बहिष्कार हुआ, बलात्कार हुआ, पुरुष के वहशीपन से साक्षात्कार हुआ।
काश! उन पुरुषों में भी थोड़े से स्त्रीपन की कोमलता होती।
काश मैं ही लड़का होती।
कहते हैं सीसीटीवी नहीं था, होता भी तो क्या होता।
एक पुरुष सुरक्षाकर्मी जो उस पर नजर रखता, उसकी नजर भी कितनी पाक होती?
काश में एक लड़का होती।
अगर मैं एक लड़का होती शायद आज मैं भी जिंदा होती।
क्या हुआ था ट्रेनी डॉक्टर के साथ
आपको बता दें कि गत 9 अगस्त 2024 को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में 31 साल की पोस्ट-ग्रेजुएट ट्रेनी डॉक्टर मृत पाई गई थी। जांच में पता चला कि ट्रेनी डॉक्टर का रेप हुआ है और बाद में उसकी हत्या कर दी गई है। वहीं 10 अगस्त 2024 को इस मामले में एक सिविक वॉलेंटियर को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल इस केस की जांच सीबीआई को सौंप दी गई है।
सेलेब्स ने दिया ऐसा रिएक्शन
वहीं पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट को लेकर एक डॉक्टर ने दावा किया है कि ट्रेनी डॉक्टर का गैंगरेप हो सकता है। उसमें एक से ज्यादा लोगों की भूमिका हो सकती है। आयुष्मान के अलावा आलिया भट्ट, परिणीति चोपड़ा, मलाइका अरोड़ा, विजय वर्मा और रिचा चड्ढा समेत कई सेलेब्स ने ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुई इस घटना पर अपना रिएक्शन दिया है।












Click it and Unblock the Notifications