Lata Mangeshkar Asha Bhosle: 'वो सांसों का हिस्सा', लता-आशा की याद में बनेगा एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल
Lata Mangeshkar Asha Bhosle: पुणे के पास नंदोशी में बन रहे लता मंगेशकर मेडिकल फाउंडेशन के आगामी अस्पताल का नाम अब 'लता-आशा मंगेशकर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़' रखा जाएगा। ट्रस्टी बोर्ड ने लता-आशा के भाई हृदयनाथ मंगेशकर और डॉ. धनंजय केलकर के साथ मिलकर यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया। इसका उद्देश्य इन महान गायिकाओं को सम्मान देते हुए संस्थान को एशिया के सर्वश्रेष्ठ अस्पतालों में से एक बनाना है।
संस्थान का शिलान्यास समारोह गुरुवार, 16 अप्रैल को नंदोशी, सिंहगढ़ रोड स्थित परियोजना स्थल पर शाम 5:00 बजे आयोजित होगा। यह आमंत्रण-आधारित कार्यक्रम लता मंगेशकर को खास संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित करेगा। इस अवसर पर मंगेशकर और भोसले परिवार के सदस्य भी मौजूद रहेंगे।

इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के माननीय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मुख्य अतिथि होंगे। उनके साथ उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार भी उपस्थित रहेंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
'लता दीदी और आशा ताई हमारी सांसों का हिस्सा'
पंडित हृदयनाथ मंगेशकर ने भावुक होकर कहा, 'लता दीदी और आशा ताई हमारे लिए सिर्फ नाम नहीं थीं... वे हमारी सांसों का हिस्सा थीं। यह अस्पताल जब उनके दोनों नामों के साथ जुड़ता है, तो बिल्कुल सही प्रतीत होता है। हम इसे एशिया के सर्वश्रेष्ठ अस्पतालों में से एक बनाने का प्रयास करेंगे। आशा भोसले जी इस उद्घाटन में शामिल होने वाली थीं, क्योंकि हम लता दीदी के नाम पर अस्पताल बना रहे थे, ठीक वैसे ही जैसे उन्होंने हमारे स्वर्गीय पिता के नाम पर किया था।'
40 एकड़ के परिसर में इंसान के साथ-साथ जानवरों का भी होगा इलाज
उन्होंने यह भी बताया कि 40 एकड़ का यह परिसर सिर्फ मानव रोगियों ही नहीं, बल्कि छोटे जानवरों की देखभाल के लिए भी सुविधाएँ उपलब्ध कराएगा, जिससे यह एक व्यापक चिकित्सा केंद्र बनेगा। दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. धनंजय केलकर ने परियोजना पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, 'हमने 'लता-आशा मंगेशकर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़' के लिए 40 एकड़ भूमि अधिग्रहित की है, जहां विभिन्न संस्थान मिलकर एक समग्र और एकीकृत चिकित्सा तंत्र (ecosystem) के रूप में कार्य करेंगे।'
'पहले चरण में 22.5 लाख वर्ग फीट का निर्माण होगा'
डॉ. केलकर ने स्पष्ट किया कि पहले चरण में 22.5 लाख वर्ग फीट का निर्माण होगा, जिसमें 1000 बिस्तरों वाला सर्जिकल सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल शामिल है। यहां अत्याधुनिक और उच्च स्तरीय सुविधा होगी ,लता मंगेशकर और आशा भोसले भारतीय संगीत की दो सबसे प्रतिष्ठित हस्तियां रही हैं। उनके संयुक्त नाम पर स्थापित यह संस्थान सेवा, करुणा और उपचार के माध्यम से उनकी अद्वितीय विरासत को आगे बढ़ाने का एक सच्चा प्रयास है, जिससे अनगिनत जीवन लाभान्वित होंगे।













Click it and Unblock the Notifications