Asha Bhosle: बॉलीवुड के इस खूंखार विलेन का था आशा ताई से खास कनेक्शन, बेटी भी है टॉप अभिनेत्री
Asha Bhosle: सुरों की मल्लिका आशा भोसले अब हमारे बीच में नहीं हैं, 12 अप्रैल को उन्होंने 92 साल की अवस्था में दुनिया को अलविदा कह दिया, वो भले ही आज हमारे बीच में मौजूद नहीं हैं लेकिन अपनी मखमली आवाज से वो लोगों के दिलों में हमेशा धड़कती रहेंगी। आशा भोसले के निधन से उनके रिश्तेदार, परिवारवाले और संगीत जगत की हस्तियां गम में डूबी हुई हैं।
आशा भोसले वैसे तो पूरी फिल्म इंडस्ट्री की ताई थीं लेकिन क्या आप जानते हैं फिल्मी दुनिया का एक खूंखार विलेन उनका दामाद है। बहुत कम लोगों को पता है कि मशहूर विलेन और कॉमेडियन शक्ति कपूर आशा भोसले के दामाद हैं क्योंकि उनकी पत्नी शिवांगी कोल्हापुरे आशा भोसले की भतीजी हैं।

बता दें कि आशा भोसले के पिता पंडित दीनानाथ मंगेशकर और शिवांगी कोल्हापुरे के पिता पंढरीनाथ कोल्हापुरे आपस में चचेरे भाई थे। इस नाते शिवांगी कोल्हापुरे, आशा भोसले की भतीजी हुईं। जब शक्ति कपूर ने शिवांगी से शादी की, तो वे रिश्ते में आशा भोसले के दामाद बन गए। इसी रिश्ते के कारण बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर जो कि शक्ति कपूर की बेटी होने के साथ-साथ हिंदी सिनेमा की टॉप एक्ट्रेस में से एक हैं, आशा भोसले की नातिन हैं।
Asha Bhosle: आशा भोसले को 'आजी' बुलाती थीं श्रद्धा कपूर
इसी वजह से श्रद्धा अक्सर आशा भोसले को 'आजी' (मराठी में नानी/दादी) कहकर बुलाती थीं । श्रद्धा ने खुद कई बार साक्षात्कारों में बताया है कि उनके परिवार में शास्त्रीय संगीत का माहौल इन्हीं महान गायिकाओं की वजह से रहा है और यही बड़ा कारण रहा कि श्रद्धा कपूर और उनकी मौसी पद्मिनी कोल्हापुरे दोनों अभिनेत्री होने के साथ-साथ बहुत अच्छी सिंगर भी हैं। खास बात ये है कि भोसले परिवार से इतना क्लोज रिलेशन होने के बाद भी आज तक शक्ति कपूर या उनके परिवार ने इसे हाईलाइट नहीं किया और ना ही कोई वाहवाही बटोरी।

शक्ति कपूर का असली नाम सुनील कपूर
80 और 90 के दशक के सबसे चर्चित विलेन और कॉमेडियन रहे शक्ति कपूर ने 700 से अधिक फिल्मों में काम किया है। उनके 'क्राइम मास्टर गोगो' और 'नंदू' जैसे किरदार आज भी लोगों के जेहन में ताजा हैं। शक्ति कपूर का जन्म दिल्ली में एक पंजाबी हिंदू परिवार में हुआ था। उनके पिता नई दिल्ली के कनॉट प्लेस में कपड़ों की एक दुकान चलाते थे। बॉलीवुड में लंबे संघर्ष के बाद, सुनील दत्त की नज़र कपूर पर तब पड़ी, जब वे अपने बेटे संजय दत्त को लॉन्च करने के लिए फ़िल्म 'रॉकी' बना रहे थे।

इसके बाद उन्हें इस फ़िल्म में विलेन के तौर पर कास्ट किया गया। लेकिन दत्त को लगा कि उनका नाम सुनील कपूर उनके विलेन वाले किरदार के साथ न्याय नहीं कर पाएगा, और इस तरह 'शक्ति कपूर नाम का जन्म हुआ, मतलब ये कि शक्ति कपूर का असली नाम सुनील कपूर है।
Shakti Kapoor ने विलेन के किरदार से हासिल की लोकप्रियता
शक्ति कपूर ने 1977 में फिल्म 'खेल खिलाड़ी का' से अपने बॉलीवुड करियर की शुरुआत की लेकिन उन्हें कामयाबी नसीब हुई फिल्म 'कुरबानी' और 'रॉकी' से, जिसमें उन्होंने विलेन का किरदार निभाया था। 1983 में, कपूर ने 'हिम्मतवाला' और सुभाष घई द्वारा निर्देशित फिल्म 'हीरो' से सफलता की नई कहानी लिखी थी।

शक्ति कपूर ने 'बेस्ट कॉमेडियन' का अवार्ड जीता था
1990 के दशक में, उन्होंने अक्सर पॉज़िटिव और कॉमिक (हास्य) भूमिकाओं की ओर रुख किया, और 'राजा बाबू' जैसी फिल्मों में इन किरदारों को भी उतनी ही कुशलता से निभाया। उन्हें 'बेस्ट कॉमेडियन' के अवार्ड से नवाजा भी गया। इसके अलावा, उन्होंने कोलकाता की कुछ बंगाली फिल्मों, एक उड़िया फिल्म और एक असमिया फीचर फिल्म में भी काम किया है। साल 2011 में, उन्होंने रियलिटी टीवी शो 'बिग बॉस 5' में एक कंटेस्टेंट के तौर पर हिस्सा लिया था।












Click it and Unblock the Notifications