Asha Bhosle का राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार, आशा ताई के निधन पर PM Modi हुए इमोशन, लिखी भावुक बातें
Asha Bhosle Funeral:भारतीय संगीत जगत को 12 मार्च 2026 (रविवार) को गहरा आघात लगा है 92 वर्षीय दिग्गज गायिका आशा भोसले का मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया है। उनके अंतिम सांस लेने की खबर से फैंस और फिल्मी हस्तियां स्तब्ध हैं, और सोशल मीडिया पर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
आशा भोसले ने बॉलीवुड में अपनी एक अलग ही पहचान बनाई , उन्होंने 20 से भी अधिक भाषाओं में गीत गाकर एक अद्वितीय कीर्तिमान स्थापित किया। उनकी सुरीली आवाज़ ने दशकों तक करोड़ों संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध करने वाली दिवंगत सिंगर आशा भोसले का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ सोमवार को शाम चार बजे शिवाजी पार्क में किया जाएगा। इसकी जानकारी महाराष्ट्र के मंत्री आशीष सेलार ने की।

आशा ताई के निधन पर दुखी हुए पीएम मोदी, लिखी भावुक पोस्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिग्गज सिंगर के निधन पर बेहद दुखी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए आशा ताई को श्रृद्धांजलि अर्पित की है। पीएम मोदी ने पोस्ट में लिखा,
"भारत की सबसे प्रतिष्ठित और बहुमुखी आवाज़ों में से एक, आशा भोसले जी के निधन से गहरा शोक व्याप्त है। दशकों तक फैली उनकी असाधारण संगीतमय यात्रा ने हमारी सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया और दुनिया भर के अनगिनत दिलों को छुआ। उनकी भावपूर्ण धुनें हों या जीवंत रचनाएं, आशा भोसले जी की आवाज़ में हमेशा एक कालातीत चमक रही। वह पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी और उनके गीत सदैव लोगों के जीवन में गूंजते रहेंगे। इस दुखद घड़ी में, उनके परिवार, प्रशंसकों और समस्त संगीत प्रेमियों के प्रति हार्दिक संवेदनाएँ व्यक्त की जाती हैं।"
राजकीय सम्मान के साथ क्यों दी जाएगी अंतिम विदाई?
आशा भोसले भारतीय संगीत जगत की एक महान और बहुमुखी प्रतिभा वाली गायिका हैं, जिनके योगदान को अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाज़ा गया है। उन्होंने अपने लंबे करियर में हजारों गीत गाकर म्यूजिक इंडस्ट्री में एक अलग पहचान बनाई। उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए वर्ष 2000 में उन्हें दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जबकि 2008 में भारत के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से भी उन्हें अलंकृत किया गया। इसके अलावा, सबसे अधिक गाने रिकॉर्ड करने वाली कलाकार के रूप में उनका नाम 2011 में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया। आगे चलकर उन्हें बंग विभूषण (2018) और महाराष्ट्र भूषण (2021) जैसे सम्मानों से भी सम्मानित किया गया।
नितिन गडकरी ने जताया दुख?
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी दुख व्यक्त करते हुए लिखा, "भारतीय संगीत जगत की मशहूर और दिग्गज हस्ती गायिका पद्म विभूषण आशा भोसले जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्हें मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि। उनके साथ मेरे पारिवारिक संबंध रहे हैं। उनका जाना भारत के संगीत क्षेत्र की अपरिमित क्षति है।"
आशा जी ने अपनी अद्वितीय और विलक्षण प्रतिभा से भारतीय संगीत के क्षितिज पर एक अमिट पहचान बनाई। उन्होंने 'नया दौर', 'तीसरी मंज़िल', 'हरे रामा हरे कृष्णा', 'उमराव जान' जैसी कालजयी फिल्मों से लेकर 'इजाज़त' और 'रंगीला' तक, विभिन्न युगों और पीढ़ियों की कई मशहूर फिल्मों के गीतों को अपनी स्वर लहरियों से अजरामर कर दिया।
आशा ताई के निधन पर दुख में डूबी फिल्मी हस्तियां
एक पार्श्वगायिका के रूप में भी आशा भोसले का योगदान अविस्मरणीय है, जिसे पीढ़ियों तक याद रखा जाएगा। उनके निधन पर करण जौहर, काजोल, रवीना टंडन, अक्षय कुमार और परिणीति चोपड़ा सहित कई अन्य फिल्मी और राजनीतिक हस्तियों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की है।












Click it and Unblock the Notifications