'बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ मामले में Aryan Khan की मुश्किलें बढ़ी, कोर्ट ने शाहरुख खान को भेजा समन
Aryan Khan vs Sameer Wankhede: शाह रुख खान के बेटे और डॉयरेक्टर आर्यन खान की वेब सीरीज़ 'बैड्स ऑफ बॉलीवुड' एक बड़े कानूनी विवाद में फंसती नजर आ रही है। 8 अक्टूबर को दिल्ली हाईकोर्ट ने इस पूरे मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए शाहरुख खान को समन भेजा है।
कुछ समय पहले पूर्व NCB अधिकारी समीर वानखेड़े ने इस शो और इसके मेकर्स के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था। उस वक्त दिल्ली हाईकोर्ट ने इस केस पर सुनवाई करने से मना कर दिया था, लेकिन अब अदालत ने मामले की सुनवाई के लिए तारीख तय कर दी है और मुख्य आरोपियों को समन जारी किया है।

शाहरुख खान और मेकर्स पर समन
जस्टिस पुरुषइंद्र कुमार कौरव ने मानहानि के इस मामले में आरोपियों के नाम पर नोटिस जारी किया। इनमें अभिनेता शाहरुख खान, गौरी खान की कंपनी Red Chillies Entertainment, Netflix, X कॉर्प, Google, Meta Platforms, RPG लाइफस्टाइल मीडिया शामिल है।
कोर्ट ने सभी आरोपियों को निर्देश दिया कि वे सात दिनों के भीतर अदालत को अपना जवाब दें। सुनवाई की अगली तारीख 30 अक्टूबर 2025 तय की गई है। हालांकि, अदालत ने फिलहाल 'बैड्स ऑफ बॉलीवुड' की स्ट्रीमिंग पर किसी भी तरह की रोक नहीं लगाई है।
मामले की शुरुआत कैसे हुई?
शो में आर्यन खान ने एक एंटी ड्रग अधिकारी का किरदार निभाया था। दर्शकों के अनुसार, यह किरदार समीर वानखेड़े से काफी मिलता-जुलता था। शो की रिलीज़ के बाद इस किरदार पर सोशल मीडिया पर मीम्स और मज़ाक उड़ाने वाले पोस्ट्स बन गए। इस पर नाराज होकर वानखेड़े ने दिल्ली हाईकोर्ट में पीटिशन दायर की।
उनकी शिकायत में कहा गया कि शो के जरिए उनकी छवि को खराब करने की कोशिश की गई, और मेकर्स ने उन्हें और NCB को गलत, झूठे और अपमानजनक ढंग से पेश किया। वानखेड़े ने 2 करोड़ रुपये के हर्जाने की भी मांग की।
दिल्ली में मामला दर्ज करने पर कोर्ट ने उठाए सवाल
कोर्ट ने वानखेड़े से पूछा कि अगर मामला मुंबई से संबंधित है तो इसे दिल्ली में क्यों दर्ज किया गया। वानखेड़े के वकील ने तर्क प्रस्तुत किया, लेकिन अदालत ने इसे बेबुनियाद बताया। कोर्ट ने उन्हें निर्देश दिया कि अपनी शिकायत में सुधार करके पीटिशन दोबारा दायर करें। वानखेड़े ने ऐसा किया, और अब मामला आगे बढ़ रहा है।
कोर्ट ने अपने आदेश में क्या कहा?
कोर्ट ने आरोपियों से कहा कि वे वानखेड़े की अर्जी पर अपना जवाब दें, जिसमें उन्होंने अलग-अलग वेबसाइट्स से अपमानजनक आर्टिकल्स और पोस्ट हटाने की मांग की थी। सुनवाई की अगली तारीख 30 अक्टूबर 2025 रखी गई है। फिलहाल शो की स्ट्रीमिंग जारी रहेगी, लेकिन अदालत इस मामले में सख्त नजर रख रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि यह मामला न केवल बॉलीवुड और वेब सीरीज़ इंडस्ट्री के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि यह समीक्षा और आलोचना की सीमा और व्यक्तिगत मानहानि के बीच के अंतर को भी सामने लाएगा।












Click it and Unblock the Notifications