अयोध्या पहुंचते ही लोगों ने छुए 'राम' अरुण गोविल के पैर, लगाए 'जय श्री राम' के नारे और फिर किया ये काम
Arun Govil Reached Ayodhya: अयोध्या के राम मंदिर में राम लला के प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम आगामी 22 जनवरी 2024 को होगा। उसके 7 दिन पहले से ही यानी 16 जनवरी 2024 से ही अयोध्या में कई तरह के अनुष्ठान शुरू हो गए हैं। इस बीच मेहमान भी अयोध्या पहुंचने लगे हैं। वहीं टीवी के फेमस राम यानी अरुण गोविल भी अयोध्या पहुंच चुके हैं।
टीवी के राम यानी अरुण गोविल पहुंचे अयोध्या
आपको बता दें कि रामानंद सागर की 'रामायण' में प्रभु श्रीराम का किरदार निभाकर फेमस हुए एक्टर अरुण गोविल और माता सीता का रोल निभाने वाली एक्ट्रेस दीपिका चिखलिया, दोनों ही अयोध्या नगरी पहुंच चुके हैं। दोनों ने वहां से वीडियो शेयर किया है। टीवी के राम यानी अरुण गोविल को देख लोगों ने उन्हें प्रणाम किया और उनके पैर तक छुने लगे थे।

अरुण गोविल ने शेयर किया शानदार वीडियो
अरुण गोविल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह फ्लाइट में बैठे हुए नजर आ रहे हैं और चारों तरफ 'जय श्री राम' के नारे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने इस वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है- राम नाम कर अमित प्रभावा, संत पुरान उपनिषद गावा। आज विमान द्वारा अयोध्या जी के महर्षि वाल्मीकि हवाई अड्डे पर उतरने के उपरांत के कुछ दृश्य... बहुत ही सुंदर एयरपोर्ट है। जय श्रीराम।
Recommended Video
अरुण गोविल को देख लोगों ने लगाए जयकारे
अरुण गोविल जब अयोध्या एयरपोर्ट पर उतरे तो लोगों ने उनको घेर लिया। लोग एयरपोर्ट पर उनके साथ सेल्फी ले रहे थे और 'जय श्री राम' कहकर उनका अभिनंदन कर रहे थे। वहीं बाद में 'सियावर रामचंद्र की जय' कहकर जयकारे भी लगाए गए। कुछ लोगों ने तो ये भी कहा कि उन्होंने एक्टर को हमेशा टीवी पर ही देखा था और आज सामने देखा तो बहुत अच्छा लग रहा है।
लोगों ने छुए अरुण गोविल के पैर
वीडियो में कुछ लोग अरुण गोविल को फूलों की माला पहनाते नजर आ रहे हैं। वहीं कुछ लोगों ने उन्हें गले में अंगवस्त्र भी पहनाया। साथ ही एक्टर के पैर भी छुए और हाथ जोड़कर उनसे आशीर्वाद भी लिया। बाद में सुरक्षाबलों की मदद से अरुण गोविल को एयरपोर्ट से बाहर निकाला गया और वह कार में बैठकर सुरक्षित रुप से मंदिर परिसर के लिए रवाना हुए।












Click it and Unblock the Notifications