अर्जुन रामपाल के जीवन की वो घटना, जिसका बदला उन्होंने 'धुरंधर' फिल्म में एक्टिंग कर लिया
अभिनेता अर्जुन रामपाल को हाल ही में हेलो! हॉल ऑफ फेम अवॉर्ड्स में सम्मानित किया गया। इस खास मौके पर उन्होंने अपने जीवन के एक बेहद डरावने अनुभव को याद किया, जो 26/11 मुंबई आतंकी हमले से जुड़ा था। रामपाल ने बताया कि 26 नवंबर 2008 को उनका जन्मदिन था और वह दोस्तों के साथ जश्न मनाने के लिए ताज होटल जाने वाले थे। लेकिन तभी अचानक धमाकों की आवाज सुनाई दी। उस वक्त वह फोर सीजन्स होटल में मौजूद थे। उन्होंने कहा कि धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के ग्लास हिलने लगे और सभी लोग घबरा गए।

शुरुआत में लगा गैंगवार
अर्जुन रामपाल के मुताबिक, पहले उन्हें लगा कि यह कोई गैंगवार है। लेकिन कुछ ही मिनटों में फोन कॉल्स आने लगे और स्थिति की गंभीरता समझ में आई। करीब 20-30 मिनट के अंदर होटल को चारों तरफ से घेर लिया गया और किसी को बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई। होटल मैनेजमेंट ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें वहीं रुकने के लिए कहा। रामपाल ने बताया कि होटल के मालिक ने उन्हें एक सुइट में रुकने की सुविधा दी। उन्होंने अपना जन्मदिन उसी डर के माहौल में बिताया। बाहर क्या हो रहा था, इसकी जानकारी धीरे-धीरे मिल रही थी, जिससे माहौल और भी भयावह हो गया।
फिल्म के जरिए जुड़ा इमोशनल रिश्ता
अर्जुन रामपाल ने बताया कि जब आदित्य धर ने उन्हें फिल्म धुरंधर की कहानी सुनाई, तो वह तुरंत उससे जुड़ गए। उन्होंने कहा कि इस फिल्म के जरिए उन्हें उस दर्द और गुस्से को व्यक्त करने का मौका मिला, जो उन्होंने 26/11 के दौरान महसूस किया था।
फिल्म में निभाया अहम किरदार
फिल्म में रामपाल ने आईएसआई मेजर इकबाल का किरदार निभाया है, जो कहानी में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस फिल्म में रणवीर सिंह, संजय दत्त, आर. माधवन, अक्षय खन्ना और राकेश बेदी जैसे कलाकार भी नजर आए। इस फिल्म का दूसरा भाग धुरंधर: द रिवेंज इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रहा है। दर्शकों से मिल रहे अच्छे रिस्पॉन्स के चलते यह फिल्म लगातार चर्चा में बनी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications