'सतीश कौशिक को वापस नहीं ला सकता, पर बेटी का पिता बन सकता हूं', अनुपम खेर ने वंशिका के लिए कही ये बात
Anupam Kher and Vanshika: बॉलीवुड के दमदार एक्टर अनुपम खेर अपने जिगरी दोस्त दिवंगत एक्टर और फिल्म मेकर सतीश कौशिक को आज भी खूब मिस करते हैं। आपको बता दें कि सतीश कौशिक गत 9 मार्च 2023 को इस दुनिया को अचानक ही अलविदा कह गए थे। सतीश कौशिक की मौत के बाद उनकी पत्नी शशि कौशिक और प्यारी सी बेटी वंशिका भी बुरी तरह टूट गई थीं। ऐसे में अनुपम खेर ने अपने दोस्त सतीश कौशिक की बेटी वंशिका को हमेशा संभाला है और उसके साथ खड़े रहे हैं।
वंशिका के लिए पिता बन सकते हैं अनुपम खेर
जानकारी के अनुसार सतीश कौशिक की गत 9 मार्च को कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई थी। उसके बाद से ही अनुपम खेर ने उनकी बेटी वंशिका को हमेशा गार्जियन की तरह सपोर्ट किया है। वह चाहे कितने भी बिजी रहते हों लेकिन वंशिका के लिए समय जरूर निकालते हैं। अनुपम खेर अक्सर वंशिका के साथ इंस्टाग्राम पर रील्स और वीडियो बनाकर शेयर करते रहते हैं। हाल ही में अनुपम खेर ने कहा है कि वह सतीश कौशिक को तो वापस नहीं ला सकते, लेकिन उनकी बेटी के लिए एक पिता जरूर बन सकते हैं।

'मैं वंशिका से मिलने के लिए समय निकालता हूं'
अनुपम खेर ने हिंदुस्तान टाइम्स के साथ बात करते हुए कहा- मैं वंशिका की जिंदगी में पिता सतीश कौशिक की कमी को पूरा करने की भरपूर कोशिश कर रहा हूं। मैंने भी अपनी जिंदगी का एक अहम हिस्सा खोया है और मुझे अपने जिगरी दोस्त की हमेशा याद आती है। उन्होंने आगे कहा- सतीश की मौत से पहले भी मैं उनके घर जाता था और वंशिका से खूब बातें करता था। लेकिन उनकी मौत के बाद वंशिका से मिलने के लिए समय निकालना बहुत ही जरूरी हो गया है।
'मैं वंशिका के पिता को रिप्लेस नहीं कर सकता'
अनुपम खेर ने कहा- मैं वंशिका को ये महसूस कराना चाहता हूं कि उसकी जिंदगी में एक पिता तुल्य कोई है। मैं वंशिका की जिंदगी में पिता सतीश कौशिक को रिप्लेस नहीं कर सकता लेकिन बेटी को एक इमोशनल सपोर्ट जरूर दे सकता हूं। उसका हौसला बढ़ा सकता हूं। अनुपम खेर ने आगे कहा- मुझे भी ताकत की जरूरत है क्योंकि सतीश के साथ मैंने भी अपना एक हिस्सा खो दिया है। मैं सतीश से करीब से जुड़ा हुआ था। वो मुझे हर दिन फोन करता था और अब मैं उसे हर दिन याद करता हूं। वह मेरी एक आदत बन गया था।
सतीश कौशिक की मौत के बाद वंशिका का हाल
अनुपम खेर ने आगे बताया- सतीश कौशिक के जाने के बाद अब वंशिका थोड़ा और खुल गई है। पहले वह एकदम शांत हो गई थी लेकिन अब उसे अलग-अलग चीजों के बारे में बात करना अच्छा लगता है। वो मुझे अपने दोस्तों और अपनी जिंदगी के बारे में बहुत कुछ बताती रहती है। अनुपम खेर ने कहा कि वंशिका ने बहुत छोटी सी उम्र में बहुत कुछ झेला है। छोटी सी उम्र में उसने अपने पिता को खो दिया है लेकिन उसके अंदर बहुत हिम्मत भरी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications