'मैं उनका फेवरेट था, लेकिन अब करण और आदित्य मुझे अपनी फिल्मों में नहीं लेते, दुख होता है'
मुंबई, 27 अगस्त: बॉलीवुड के दिग्गज कलाकर अनुपम खेर अपनी बेबाकी के लिए चर्चित हैं। अनुपम खेर फिल्में, एक्टर और इंडस्ट्री के विवादों पर खुलकर राय रखने वाले कलाकारों में से एक हैं। वहीं अब अनुपम खेर ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि फिल्म मेकर करण जौहर, आदित्य चोपड़ा और साजिद नाडियाडवाला अब उनको मूवीज में काम नहीं देते हैं। हाल ही में उन्होंने बॉयकॉट बॉलीवुड ट्रेंड पर अपना रिएक्शन दिया था, जिसके बाद एक बार फिर उन्होंने कहा कि साउथ की फिल्मों में कंटेंट को प्राथमिकता जाती है, जबकि बॉलीवुड फिल्मों का फोकस 'सेलिंग' स्टार्स पर है।

फिर बॉलीवुड पर बोले अनुपम खेर
ईटाइम्स को दिए अपने इंटरव्यू में अनुपम खेर ने अपने राय रखते हुए बताया कि आखिर क्यों बॉलीवुड फिल्में बॉक्स ऑफिस पर नाकाम हो रही हैं, जबकि दक्षिण भारतीय फिल्में उसी समय ब्लॉकबस्टर बनकर साबित हुई हैं। उन्होंने कहा कि जहां दक्षिण की फिल्में कंटेंट को प्राथमिकता देती हैं, वहीं बॉलीवुड फिल्में सितारों को 'बेचने' पर अपना ध्यान रखती हैं। कश्मीर फाइल्स के बाद अनुपम खेर हाल ही में निखिल सिद्धार्थ की फिल्म 'कार्तिकेय 2' में दिखाई दिए थे, जो बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई है।

'दुख होता है, मैं उनका फेवरेट था, लेकिन अब...',
इतना ही नहीं अनुपम खेर ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के नामी फिल्म मेकर करण जौहर, आदित्य चोपड़ा और साजिद नाडियाडवाला पर भी तंज कसते हुए काफी कुछ कहा। अनुपम खेर ने बताया कि आज कल वह मेनस्ट्रीम सिनेमा का हिस्सा नहीं हैं। अनुपन खेर ने कहा, "मैं करण जौहर की कोई फिल्म नहीं कर रहा हूं, मैं कोई साजिद नाडियाडवाला की फिल्म नहीं कर रहा हूं, मैं आदित्य चोपड़ा की कोई फिल्म नहीं कर रहा हूं, क्योंकि मुझे इनसे कोई ऑफर ही नहीं आ रहे हैं।"

'मैं कभी इन सभी का फेवरेट हुआ करता था'
खेर ने आगे कहा कि मैं कभी इन सभी का फेवरेट हुआ करता था। मैंने इन सभी की फिल्में की हैं, लेकिन मैं अब उन पर मुझे कास्ट न करने के लिए ब्लेम नहीं लगा रहा हूं, लेकिन वे मुझे अपनी फिल्मों में कास्ट नहीं कर रहे थे, तो मुझे एक रास्ता मिल गया, जहां मैंने 'कनेक्ट' नाम की एक तमिल फिल्म की, तेलुगु फिल्म की 'टाइगर नागेश्वर राव' की। मैंने सूरज बड़जात्या की फिल्म 'ऊंचाई' में काम किया।

'जब एक दरवाजा बंद हो जाता है तो...'
अनुपम खेर ने इंटरव्यू में कहा, "मैं बैठ कर कह सकता था, मेरे दोस्त और मेरे जो इतने करीबी थे एक जमाने में, मुझे अब अपनी फिल्मों में लेते नहीं हैं. तो मैं अब क्या करूं, मैं तो बर्बाद हो गया। बेशक मुझे तकलीफ होती है, दुख होता है कि क्यों नहीं लेते भाई मैं तो इनकी सब फिल्मों में काम करता था। लेकिन, यह कोई शिकायत नहीं है और न ही मैं इसे उनके खिलाफ हूं। मैं सिर्फ इतना कह रहा हूं कि कभी-कभी जब एक दरवाजा बंद हो जाता है, कई अन्य खिड़कियां और दरवाजे खुलते हैं। मैं एक अभिनेता के रूप में खुद को फिर से खोज रहा हूं।"

'इमरजेंसी' और 'द सिग्नेचर' की शूटिंग में बिजी
वहीं वर्कफ्रंट की बात करें तो अनुपम खेर अपनी फिल्मों 'इमरजेंसी' और 'द सिग्नेचर' की शूटिंग में बिजी हैं। एक के बाद एक हिट फिल्म देने वाले अनुपम खेर की हालिया मूवी 'द कश्मीर फाइल्स' ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। वहीं अब खेर अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म 'ऊंचाई' में नजर आएंगे, साथ ही कंगना रनौत की फिल्म 'इमरजेंसी' में वह राजनेता जय प्रकाश नारायण का किरदार निभाते दिखेंगे।












Click it and Unblock the Notifications