टीवी की दुनिया में हुई Ajay Devgn की एंट्री, अब 'क्राइम पेट्रोल' को होस्ट करेंगे एक्टर, प्रोमो ने मचाया हंगामा
Ajay Devgn In Crime Patrol: बॉलीवुड के फेमस एक्टर अजय देवगन अब जल्द ही टीवी पर काम करते नजर आने वाले हैं। खबर है कि अजय देवगन पॉपुलर क्राइम शो 'क्राइम पेट्रोल' को होस्ट करते दिखाई देंगे। शो के मेकर्स ने हाल ही में शो का पहला प्रोमो रिलीज कर दिया है, जिसमें अजय देवगन अपराध से जुड़े मामलों और उनकी सच्चाई पर बात करते नजर आ रहे हैं।
31 अगस्त 2026 से शुरू होगा 'क्राइम पेट्रोल' का नया सीजन
शो के प्रोमो में अजय देवगन बताते हैं कि कई बार किसी अपराध के पीछे पीड़ित का कोई जाना-पहचाना शख्स ही होता है। प्रोमो के आखिर में वो कहते हैं- मैं आपके साथ रहूंगा। आपको बता दें कि इस शो का नया सीजन आगामी 31 अगस्त 2026 से शुरू होगा।

'क्राइम पेट्रोल' को होस्ट करते नजर आएंगे अजय देवगन
फिल्मों में सिंघम बनकर धूम मचाने वाले एक्टर अजय देवगन अब टीवी के पॉपुलर शो क्राइम पेट्रोल में हैरान करने वाले किस्से लेकर हाजिर होंगे। कुछ रिपोर्ट्स में ये दावा किया गया है कि अजय देवगन ने अब तक शो के 15 एपिसोड की शूटिंग पूरी कर ली है। हालांकि वह आगे भी कितने एपिसोड होस्ट करेंगे, इसका फैसला दर्शकों से मिलने वाले रिएक्शन और टीआरपी को देखते हुए किया जाएगा।
अजय देवगन ने 15 एपिसोड्स की शूटिंग पूरी कर ली है
-IANS की रिपोर्ट के मुताबिक अजय देवगन ने फिलहाल शो के 15 एपिसोड्स की शूटिंग पूरी कर ली है। बाकी एपिसोड में उनकी भूमिका दर्शकों के रिएक्शन और संख्या पर निर्भर करेगी। सूत्रों के अनुसार शो के आने वाले कुछ एपिसोड्स के लिए एक्टर राजेश तैलंग को भी जोड़ा गया है। ऐसे में इस सीजन में दर्शकों को अजय देवगन के साथ एक और जाना-पहचाना चेहरा होस्टिंग करते हुए नजर आ सकता है।
-इससे पहले अजय देवगन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो के जरिए उन्होंने किसी बड़ी बात की ओर इशारा किया था, जिससे फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ गई थी। हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर ये नहीं बताया था कि उनका इशारा 'क्राइम पेट्रोल' शो की तरफ है।
'कभी-कभी कुछ बातें हमें अंदर से परेशान करती हैं'
वीडियो में अजय देवगन कहते हैं- कभी-कभी कुछ बातें हमें अंदर से परेशान करती हैं और आज हमारे सामने एक ऐसा सच है जिसे देखकर मैं दंग रह गया हूं। मैं जल्द ही इसे आपके सामने पेश करूंगा। सोशल मीडिया पर लोगों ने बतौर होस्ट अजय देवगन का वेलकम किया है। लोग ये कहते हुए बेहद खुश नजर आ रहे हैं कि एक्टर इस शो को होस्ट करने जा रहे हैं और ये अब बेस्ट शो होने जा रहा है।
अजय देवगन से पहले अनूप सोनी शो को करते थे होस्ट
'क्राइम पेट्रोल' जैसे चर्चित शो के साथ अजय देवगन का जुड़ना दर्शकों के लिए भी काफी खास होने वाला है। इस शो की बात होते ही कई लोगों को सबसे पहले अनूप सोनी का नाम याद आता है। उन्होंने लंबे समय तक 'क्राइम पेट्रोल' को होस्ट किया और अपनी खास अंदाज की प्रस्तुति से दर्शकों के बीच अलग पहचान बनाई। आपको बता दें कि अजय देवगन पहले भी 'गंगाजल', 'सिंघम' और 'दृश्यम' जैसी फिल्मों में पुलिस और कानून से जुड़े किरदार निभा चुके हैं। ऐसे में क्राइम पर आधारित शो में उनकी मौजूदगी दर्शकों के लिए एक नया अनुभव हो सकती है।


Click it and Unblock the Notifications
