उल्टा चश्मा की बबीताजी मुनमुन दत्ता ने शुरू किया नया बिजनेस, अब ये करती दिखेंगी
मुंबई, 19 फरवरी: टीवी अभिनेत्री मुनमुन दत्ता ने एक नया बिजनेस शुरू किया है। टीवी शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा में बबीता जी के किरदार से मशहूर दत्ता ने खुद इसकी जानकारी देते हुए बताया है कि अब वो रेस्टोरेंट बिजनेस में हाथ आजमाएंगी। खुद को खाने और पकाने की शौकीन बताते हुए मुनमुन ने कहा कि वो अपना ज्वाइंट फूड वेंचर शुरू कर रही हैं।

भाई के साथ शुरू करेंगी बिजनेस
मुनमुन दत्ता ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो पोस्ट कर बताया है कि उन्होंने फूड बिजनेस में एंट्री की है। मुनमुन ने इस बिजनेस को अपने राखी भाई केयूर शेठ के साथ शुरू किया है। मुनमुन ने इस फील्ड को अपना पैशन बताते हुए कहा है कि वो इस शुरुआत से काफी खुश हैं। वीडियो में मुनमुन खाना टेस्ट करते हुए भी दिख रही हैं।

क्या बोलीं मुनमुन दत्ता
मुनमुन दत्ता ने वीडियो शेयर करते हुए कहा, मैंने फूड बिजनेस लॉन्च किया है। मैं खाने-पीने की चीजों को लेकर बहुत पैशिनेट हूं। मैंने अपने राखी ब्रदर, रेड चिली एंटरटेनमेंट के मालिक केयूर सेठ के साथ मिलकर इसे शुरू किया है। मुनमुन ने कहा है कि वो कयूर को 14 सालों से जानती हैं और उनके साथ इस शुरुआत को लेकर एक्साइटेड हैं।

टीवी का जाना पहचाना चेहरा हैं मुनमुन
मुनमुन दत्ता मॉडलिंग से एक्टिंग में आई हैं। उन्होंने फिल्म और टेलीविजन दोनों पर काम किया है। टीवी सिरियल तारक मेहता का उल्टा चश्मा में बबीताजी के रोल से उनको खास पहचान मिली है। कुछ बॉलीवुड फिल्मों में भी उन्होंने काम किया, हालांकि फिल्मों में उनको कोई खास सफलता नहीं मिल सकी। मुनमुन दत्ता हाल के दिनों में अपने खिलाफ हुए एससी एसटी एक्ट के तहत एक मुकदमा को लेकर भी चर्चा में रही हैं। मुनमुन पर दलित समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। इस मामले में वो जमानत पर हैं।












Click it and Unblock the Notifications