A.R. Rahman के सपोर्ट में उतरे बच्चे, बोले- भगवत गीता, कुरान नहीं पढ़ते लेकिन गाली देने का बड़ा समय है
मशहूर संगीतकार ए.आर. रहमान हाल ही में अपने इंटरव्यू में दिए गए बयान के बाद लोगों के निशाने पर आ चुके हैं। मशहूर संगीतकार को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। बवाल बढ़ने पर रहमान ने माफी भी मांगी लेकिन अभी भी ये मामला गरमाया हुआ है। इस मुद्दे पर रहमान का पक्ष लेने वालों को भी सोशल मीडिया पर गालियां पड़ रही हैं। तमाम विरोध के बीच ए आर रहमान के बचाव और समर्थन में अब उनके बच्चे खुलकर सामने आ गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट और वीडियो साझा कर रहमान के खिलाफ हो रही टिप्पणियों का खुलकर विरोध किया है।

बेट रहीमा बोलीं- गीता, कुरान नहीं पढ़ते लेकिन गाली देने का बड़ा समय है
ए.आर. रहमान की बेटी रहीमा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए एक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा, "इन लोगों के पास भगवत गीता, कुरान और बाइबिल जैसे पवित्र ग्रंथ पढ़ने का समय नहीं है, जो प्यार, शांति, अनुशासन और सच्चाई सिखाते हैं। लेकिन एक-दूसरे से बहस करने, मज़ाक उड़ाने, भड़काने, गाली देने और अनादर करने के लिए उनके पास दुनिया भर का वक्त है।"
यह धर्म नहीं, अंधी सोसायटी है
रहीमा ने आगे समाज पर निशाना साधते हुए कहा, "यह धर्म नहीं है। यह अंधी सोसायटी, अधूरी शिक्षा, जहरीली राजनीति और खराब परवरिश का नतीजा है। यह एक ऐसी पीढ़ी है जो इंसानियत से ज्यादा नफरत के प्रति वफादार है।"
बेटे ने याद दिलाए देश को गौरान्वित करवाने वाले पल
उधर, रहमान के बेटे अमीन ने भी अपने पिता का बचाव करते हुए लिखा कि ए.आर. रहमान ने कितनी बार देश को गर्व महसूस करने का मौका दिया है।
राष्ट्रपति से अवार्ड लेते हुए शेयर की फोटो
रहीमा और खतीजा ने भी अपने पिता के योगदान को दर्शाते हुए पुराने वीडियो और तस्वीरें साझा कीं। इनमें एक तस्वीर में ए.आर. रहमान को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से नेशनल अवॉर्ड लेते हुए देखा जा सकता है, वहीं एक वीडियो में वे कोल्डप्ले के क्रिस मार्टिन के साथ परफॉर्म कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी एक वीडियो में ए.आर. रहमान की तारीफ करते हुए दिख रहे हैं, जिसमें वे कहते हैं, "ए.आर. रहमान का म्यूजिक हो या एसएस राजामौली की कहानी कहने की कला, ये भारतीय संस्कृति की आवाज बन गई है।"
क्या दिया बयान जो ए आर रहमान से नाराज हुए लोग?
गौरतलब है कि यह पूरा विवाद ए.आर. रहमान द्वारा दिए गए एक इंटरव्यू से शुरू हुआ था, जिसमें उन्होंने बॉलीवुड में 'पावर शिफ्ट' और 'सांप्रदायिकता' पर टिप्पणी की थी। उन्होंने यह भी बताया था कि पिछले आठ सालों में उन्हें बॉलीवुड में काम कम मिला है, और फिल्म 'छावा' को लेकर भी उन्होंने बांटने वाली बात कही थी।












Click it and Unblock the Notifications