79 साल के फेमस एक्टर Arun Bali अस्पताल में भर्ती, इस दुर्लभ बीमारी का हुए शिकार
मुंबई, 22 जनवरी। कई बॉलीवुड और टीवी सीरियल्स में काम कर चुके जाने-माने एक्टर अरुण बाली इन दिनों एक दुर्लभ बीमारी का सामना कर रहे हैं। उन्हें बोलने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है, जिसके बाद एक्टर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फैंस और जानकार अब 79 वर्षीय अरुण बाली के जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं। अरुण बाली को अस्पताल में भर्ती किए जाने की जानकारी उनके परिवार वालों ने दी। सोशल मीडिया पर अब अपने चहेते एक्टर के लिए फैंस दुआएं मांग रहे हैं।

दुर्लभ बीमारी से जूझ रहे हैं अरुण बाली
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अरुण बाली 'मियासथीनिया ग्रेविस' नाम के एक रेयर ऑटोइम्यून डिजीज से जूझ रहे हैं। इस तरह की बीमारी में मरीज के नर्व्स और मसल्स के बीच में तालमेल बिगड़ जाता है, जिससे वह ठीक से बोल नहीं पाता। एक्टर अरुण बाली की बेटी ने लोगों को इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद डॉक्टरों ने जब उनका चेकअप किया तो उन्हें 'मियासथीनिया ग्रेविस' नाम की दुर्लभ बीमारी का पता चला।

इस तरह पता चली बीमारी
अरुण बाली की समस्या का सबसे पहले सिने एंड टीवी आर्टिस्टेस एसोसिएशन (सीआईएनटीएए) की मेंबर नुपुर अलंकार को संकेत मिला। उन्होंने बताया कि जब वह अरुण बाली से बात कर रही थीं तो वो ठीक से बोल नहीं पा रहे थे। एक इटरव्यू में नुपुर ने कहा, 'मैं अरुण बाली सर से बात कर रही थी, तभी मैंने उनकी आवाज में कुछ अटपटा महसूस किया। उस पर मैंने ध्यान दिया और इस बारे में उनके बेटे अंकुश से बात करने की कोशिश की।'

नुपुर ने दी अस्पताल ले जाने की सलाह
नुपुर आगे बताती हैं कि कई बार कोशिशों के बाद भी अंकुश से उनका संपर्क नहीं हो पाया, फिर उन्होंने अंकुश के साथ काम करने वाले राजीव मेनन को इस बारे में पूरी जानकारी दी। नुपुर ने सलाह दी कि अरुण बाली को तुरंत अस्पताल में शिफ्ट किया जाना चाहिए। जब नुपुर को अरुण की बीमारी का पता चला तो वह ही काफी चिंतित हैं और उनके जल्द ठीक होने की कामना भी कर रही हैं। फिलहाल उनकी स्थिति को लेकर अस्पताल से अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।

90 के दशक में शुरू किया करियर
अरुण बाली के करियर की बात करें तो उन्होंने 90 के दशक में अपने अभिनय की शुरुआत की। 1991 में पीरियड ड्रामा चाणक्य से उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में डेब्यू किया था। इसके बाद वह दूरदर्शन के सीरियल 'स्वाभिमान' में नजर आए। इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों और टीवी सीरियल में काम कर के नाम कमाया। अरुण बाली ने 'खलनायक', 'फूल और अंगारे', 'ओम जय जगदीश', 'लगे रहो मुन्ना भाई', '3 ईडियट्स', 'बर्फी', 'एयरलिफ्ट', 'बागी 2', 'केदारनाथ', 'पानीपत' सहित कई हिट फिल्मों में काम किया।
यह भी पढ़ें: 68 साल की उम्र में कुछ इस तरह कसरत करती हैं ऋतिक की मां पिंकी रोशन, एक्टर ने शेयर किया वीडियो












Click it and Unblock the Notifications