21 साल पहले सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' से नवाजी गई थीं लता मंगेशकर, देखें ये दुर्लभ Video
मुंबई, 06 फरवरी। भारत की स्वर कोकिला और देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित लता मंगेशकर ने आज 92 वर्ष की उम्र में आखिरी सांस ली। कोरोना वायरस की चपेट में आने के बाद करीब एक महीने तक लता दीदी मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती रहीं। डॉक्टरों के मुताबिक शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था, जिसकी वजह से रविवार सुबह 8:12 बजे उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। लता मंगेशकर के निधन पर पूरे देश में शोक की लहर है।
Recommended Video

50 हजार से अधिक गाने गाए
लता मंगेशकर का जन्म 28 सिंतबर, 1929 को मध्य प्रदेश के इंदौर में हुआ था। एक रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने 36 भाषाओं में करीब 50 हजार से अधिक गाने गाए थे। उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज है। लता दीदी को 21 साल पहले वर्ष 2001 में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से नवाजा गया था, उन्हें तत्कालीन राष्ट्रपति कोच्चेरील रामन नारायणन ने इस अवॉर्ड से सम्मानित किया था। लता मंगेशकर के निधन के बाद अब एक बार फिर उस पल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वीडियो में क्या है?
वीडियो में देखा जा सकता है कि राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में राष्ट्रपति कोच्चेरील रामन नारायणन से सम्मान ग्रहण करने के लिए लता मंगेशकर मंच तक पहुंची हुई हैं। राष्ट्रपति कोच्चेरील रामन अपने हाथों से भारत रत्न का मेडल लता दीदी के गले में पहनाते हैं और फिर फोटो खिंचवाते हैं। इस दौरान दोनों के बीच एक छोटी से गुफ्तगू भी होती है। भारत रत्न मिलते ही हॉल तालियों से गूंज उठता है।

राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
लता मंगेशकर उन चुनिंदा लोगों में से थीं जिन्हें जीते जी देश के सबसे बड़े नागरिक सम्मान से नवाजा गया था। उनके बाद पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर को ये गौरव प्राप्त हुआ, वो सबसे कम उम्र में भारत रत्न पाने वाले देश के नागरिक भी बने। आज (6 फरवरी) शाम महाराष्ट्र के शिवाजी पार्क में लता मंगेशकर का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। पीएम मोदी भी उनके अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।

दो दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान
लता दीदी के निधन से सिर्फ देश में ही नहीं बल्कि विदेश में भी लोग शोक व्यक्त कर रहे है। विदेशी मीडिया ने भी लता मंगेशकर की खबर को प्रमुखता से स्थान दिया है। भारत सरकार ने स्वर कोकिला के निधन पर दो दिन का राष्ट्रीय शोक मनाने का ऐलान किया है। इन दो दिनों तक भारत का तिरंगा आधा झुका रहेगा। लता मंगेशकर के निधन को पीएम मोदी ने देश के लिए बड़ी क्षति बताया है। वहीं, कई अन्य नेताओं ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

इस वजह से हुआ निधन
लता मंगेशकर पिछले 28 दिनों से अधिक समय से ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थी, उन्हें पहले दिन से ही आईसीयू वार्ड में एडमिट किया गया था। पिछले सप्ताह लता मंगेशकर ने कोरोना वायरस को मात दे दी थी, लेकिन वो महामारी के बाद होने वाली समस्याओं से जूझ रही थीं। लता मंगेशकर का इलाज कर रहे डॉ प्रतीत समदानी ने बताया कि बड़े दु:ख के साथ सूचित किया जाता है कि लता मंगेशकर का निधन प्रातः 8:12 बजे हुआ। कोविड पॉजिटिव होने के बाद अस्पताल में भर्ती होने के 28 दिनों से अधिक समय के बाद बहु-अंग की विफलता के कारण उसकी मृत्यु हो गई है।
यह भी पढ़ें: लता मंगेशकर के निधन के बाद पाकिस्तान में भी पसरा मातम, छलकती आंखों से फैंस दे रहे श्रद्धांजलि












Click it and Unblock the Notifications