ग्रीस वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल लाने वाली ज्ञानेश्वरी को एएसआई की नौकरी व 5 लाख देगी छत्तीसगढ़ सरकार
राजनांदगांव जिले सहित देश और प्रदेश का मान बढ़ाने वाली राजनांदगांव की ज्ञानेश्वरी यादव छह माह में 6 मेडल लेकर घर लौटी है। ज्ञानेश्वरी प्रदेश की पहली महिला वेटलिफ्टर है,
राजनांदगांव, 23 जुलाई। राजनांदगांव जिले सहित देश और प्रदेश का मान बढ़ाने वाली राजनांदगांव की ज्ञानेश्वरी यादव छह माह में 6 मेडल लेकर घर लौटी है। ज्ञानेश्वरी प्रदेश की पहली महिला वेटलिफ्टर है, जिसने विदेश में आयोजित जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल लेकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। ज्ञानेश्वरी के राजनांदगांव पहुंचने पर खेल जगत से जुड़े लोग व आमजनता ने बाजे-गाजे और फूल मालाओं के साथ उसका भव्य स्वागत किया। छत्तीसगढ़ सरकार ने भी उसे पुलिस विभाग में एएसआई की नौकरी और 5 लाख देने की घोषणा की है।

जूनियर वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल पर किया कब्जा
शासकीय दिग्विजय कॉलेज राजनांदगांव में बीए प्रथम में पढ़ने वाली छात्रा ज्ञानेश्वरी यादव ने ग्रीस में आयोजित जूनियर वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए 156 किलोग्राम वजन उठाकर सिल्वर मेडल प्राप्त कर खिताब पर कब्जा किया है। हरियाणा में खेलो इंडिया यूथ गेम्स में गोल्ड मेडल हासिल किया, तो वहीं वूमेन्स रैंकिंग टूर्नामेंट में जूनियर में गोल्ड और सीनियर में सिल्वर मेडल प्राप्त किया है। इसके अलावा ज्ञानेश्वरी ने एशियन चैंपियनशिप में चौथा स्थान हासिल किया है, और अब पटियाला के कैंप में जाकर आगे के खेलों के लिए वह अपनी जगह बनाएगी।
ओलंपिक में पदक हासिल करने का सपना
ज्ञानेश्वरी का कहना है कि वह ओलंपिक में पदक हासिल कर अपने देश को समर्पित करना चाहती है। मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाली ज्ञानेश्वरी यादव ने वर्ष 2017 में भारोत्तोलन खेल की शुरुआत की थी। अपने पिता दीपक यादव के बॉडी बिल्डर होने की वजह से वह इस खेल से प्रभावित हुई और अपने कड़े परिश्रम के बल पर आज इस मुकाम को हासिल किया है।
सरकार देगी एएसआई की नौकरी, पांच लाख रुपए
ज्ञानेश्वरी के इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ सरकार ने भी उसे छत्तीसगढ़ पुलिस में ASI की नौकरी और 5 लाख देने की घोषणा की है। जिस पर ज्ञानेश्वर यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश की सरकार खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने वाली सरकार है।
राजनांदगांव पहुंचने पर हुआ स्वागत
ज्ञानेश्वर यादव के राजनांदगांव पहुंचने पर खेल प्रेमी जनता ने उसे खुली जीप में सवार कराया और फूल माला पहना कर उसकी इस उपलब्धि पर उसे बधाई दी। इस दौरान वाहन में ज्ञानेश्वरी के कोच अजय लोहार और जय भवानी व्यामशाला के संचालक अमित आजमानी भी मौजूद थे। ज्ञानेश्वरी की इस उपलब्धि को लेकर अमित आजमानी ने कहा कि यह उनके व्याम शाला के लिए काफी गौरव की बात है कि ज्ञानेश्वरी ने दो गोल्ड मेडल और सिल्वर मेडल के साथ कई पदक हासिल किए हैं।












Click it and Unblock the Notifications