सीएम भूपेश ने किया प्रदेश की सबसे बड़ी आर्ट गैलरी का लोकार्पण, छत्तीसगढ़ में खुलेंगे 2 संगीत महाविद्यालय
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में बनाए गए, प्रदेश की सबसे बड़ी आर्ट गैलरी स्व.सोनाबाई रजवार आर्ट गैलरी का लोकार्पण किया। सीएम ने बस्तर और सरगुजा में संगीत महाविद्यालय खोलने की घोषणा भी की।
राजनांदगांव 03 सितम्बर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज खैरागढ़ में नवगठित जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में बनाए गए, प्रदेश की सबसे बड़ी आर्ट गैलरी स्व.सोनाबाई रजवार आर्ट गैलरी का लोकार्पण किया। इस दौरान सीएम ने इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के सम्बद्ध बस्तर और सरगुजा में संगीत महाविद्यालय खोलने की घोषणा की।

गैलरी में दिखी वैश्विक स्तर के पेंटिंग की झलक
इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ ममता चन्द्राकर ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशानुरूप छत्तीसगढ़ संस्कृति की झलक दिखाने के लिए यह आर्ट गैलरी तैयार की गई है और इसमें बस्तर से लेकर सरगुजा तक के कला के पेंटिंग से लेकर वस्त्र विन्यास आदि के क्षेत्र में हुए नए कलात्मक प्रयोगों को दर्शाया गया है। इसके साथ ही पेंटिंग के क्षेत्र में परंपरागत बस्तर, सरगुजा स्कूल के साथ ही वैश्विक स्तर पर पेंटिंग में आए नए प्रयोगों को भी दर्शाया गया है।

फैशन के क्षेत्र में एक नया प्रयोग
इस कला गैलरी की विशेषता है कि यहां क्राफ्ट डिजाइन सेक्शन के संकाय के कलाकारों ने छत्तीसगढ़ में प्रचलित पारंपरिक साड़ियों और ज्वेलरी के पहनावे के तरीकों में थोड़ा फेरबदल कर और उसे आधुनिक रूप देकर फैशन के क्षेत्र में एक नया प्रयोग किया है। इसमें पारंपरिक सुंदरता और सादगी के साथ ही ड्रेस डिजाइनिंग के क्षेत्र में हो रहे नये प्रयोगों को भी शामिल किया गया है।

पारंपरिक साड़ियों को बनाया फैशन का मास्टर पीस
इस तरह साड़ी ड्रेपिंग के तरीकों में थोड़ा सा फेरबदल कर और इन्हें एस्थेटिक्स के मानकों के अनुरूप प्रस्तुत किया। विश्वविद्यालय के कलाकारों ने इस तरह पारंपरिक साड़ियों के साथ ड्रेपिंग के नए तरीके जोड़कर इन्हें फैशन का मास्टर पीस बना दिया है। इसकी झलक छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी कला गैलरी स्व. सोनाबाई रजवार में दिखाई गई है।

बस्तर की संस्कृति पर आधारित पेंटिंग्स रही खास
इसके साथ ही मूर्तिकला में भी नए प्रयोग किए गए हैं। बस्तर से आईबीएफए आठवें सेमेस्टर में पढ़ रही छात्रा मुस्कान पारीक द्वारा चटाई पर बनाई गई चित्रकला को यहां प्रदर्शित किया गया है। इस चित्र में आदिवासी समुदाय अपनी दैनंदिनी की गतिविधियों में सुकून से लगा हुआ है। केवल एक चित्र बस्तर की संस्कृति को जानने के लिए कलात्मक रूप से सम्पूर्ण है। वेरियर एल्विन की किताबों में जिस तरह से घोटुल के जनजीवन के बारे में जानकारी दी जाती है उसी तरह की पेंटिंग मुस्कान ने बनाई है।

सीएम ने की संगीत महाविद्यालय खोलने की घोषणा
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस दौरान प्रदेश के सबसे बड़े आर्ट गैलरी की तारीफ करते हुए कहा की आज शिक्षा के क्षेत्र में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल एक चमत्कारिक बदलाव ला रहा है। इसके बाद हमने महाविद्यालयों को भी इंग्लिश मीडियम के रूप में बदलने की शुरुआत की है। छत्तीसगढ़ में कलाकारों और कला प्रेमियों की कमी नहीं है। इसके लिए यहां के इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ की शाखा के रूप में बस्तर एवं सरगुजा में महाविद्यालय की शुरुआत की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications