Delhi: गोलीबारी से दहला दिल्ली का सीलमपुर इलाका, 10 राउंड फायरिंग, 24 साल के युवक की हत्या
Delhi Seelampur Firing: दिल्ली में एक बार फिर फायरिंग की घटना से दहशत फैली है, जिसमें एक युवकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घटना दिल्ली के सीलमपुर इलाके की है, जहां शनिवार शाम अज्ञात लोगों के एक ग्रुप की ओर से की गई गोलीबारी में 24 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
पुलिस के अनुसार पीड़ितों की पहचान अरबाज और आबिद के रूप में की गई, दोनों दिल्ली के जाफराबाद के रहने वाले थे।

वारदात को लेकर उत्तर पूर्वी दिल्ली के DCP जॉय टिर्की ने कहा, 'घटना रात करीब 8:45 बजे हुई, 2 लड़कों को गोली लगी थी (सीलमपुर इलाके में)। पुलिस मौके पर पहुंची। इन 2 लड़कों में से एक अरबाज की मृत्यु हो गई है, दूसरे लड़के आबिद को अस्पताल रेफर किया गया है। मामले में जांच की जा रही है।'
कथित हमले की घटना सीलमपुर के ब्रह्मपुरी पुलिया इलाके में एक पब्लिक टायलेट के पास रात करीब साढ़े आठ बजे दर्ज की गई। घटना के बाद एफएसएल टीम और क्राइम टीम ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि मौके से दस खाली खोल (7.65 मिमी) जब्त किए गए और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
अधिकारियों ने कहा कि सीलमपुर पुलिस स्टेशन में अज्ञात आरोपी व्यक्तियों के खिलाफ कथित हत्या, हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम के लिए आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अरबाज को कई गोलियां मारी
पुलिस के मुताबिक दिल्ली के जाफराबाद के रहने वाले अरबाज (24) को सिर के बायीं तरफ (टेम्पोरल रीजन), छाती और पेट में कई गोलियां लगीं। उन्हें जेपीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया, जबकि घायल आबिद (22) को भी सिर के बाईं ओर (टेम्पोरल रीजन) और कमर पर कई गोलियां लगीं।
दोनों का आपराधिक इतिहास
अधिकारियों ने बताया कि अरबाज का अतीत में आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ दंगा, जबरन वसूली, शस्त्र अधिनियम, हत्या का प्रयास और हत्या सहित 5 मामले दर्ज थे। इसी तरह, आबिद भी एक हत्या के मामले में शामिल था, जब वह वर्ष 2018 में कम उम्र (18 वर्ष से कम) था।












Click it and Unblock the Notifications