कोरोना वायरस के कारण गई थी दिल्ली पुलिस के जवान की जान, अब बेटा और पत्नी भी मिले संक्रमित
सोनीपत। दिल्ली की भारत नगर पुलिस चौकी पर तैनात कांस्टेबल अमित राणा की कोरोना संक्रमण की वजह से मंगलवार (5 मई) को मौत हो गई थी। अमित की मौत से परिवार पहले से ही सदमे में है। अब एक नई मुश्किल परिवार के सामने है। शुक्रवार को अमित की पत्नी और 3 साल के बेटे की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है। सोनीपत स्वास्थ्य विभाग ने दोनों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया है।

पत्नी और बेटे की रिपोर्ट आई COVID-19 संक्रमित
अमित राणा सोनीपत के हुलहेड़ी गांव के रहने वाले थे और दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल थे। अमित के कोरोना पॉजिटिव होने की वजह से परिवार के सभी सदस्यों को क्वारंटाइन कर दिया गया था। उनके कोरोना टेस्ट के सेंपल लिए गए। जिसमें शुक्रवार को पत्नी और बच्चे की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से वहां का स्थानीय प्रशासन हरकत में है। अमित की 27 वर्षीय पत्नी और 3 वर्षीय बेटे की सेहत पर निगरानी रखे हुए है।

सांस लेने में होने लगी थी तकलीफ
अमित राणा सोमवार (4 मई) की शाम ड्यूटी करके अपने रूम में लौटे तब उन्हें हल्का बुखार आया और वे दवा लेकर सो गए। उन्हें अहसास तक नहीं था कि कोरोना उनके शरीर पर हमला कर चुका है। लेकिन रात करीब 2 बजे जब उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी तो उन्होंने अपने रूम पार्टनर को बताया। इसके बाद अमित को गर्म पानी और चाय दी, लेकिन उनकी तबियत में कोई सुधार नहीं हुआ।

नहीं मिला सका समय पर इलाज
मंगलवार (5 मई) सुबह तड़के उनका रूम पार्टनर उन्हें लेकर अशोक विहार इलाके में जहां पुलिस कर्मियों का कोरोनो टेस्ट सेंटर है वहां ले गया। लेकिन वहां उन्हें बताया कि यहां केवल कोरोनो का टेस्ट हो सकता है, भर्ती नहीं कर सकते। उसके बाद उसे बाबा साहब अम्बेडकर अस्पताल ले जाया गया। वहां भी कहा कि वे अमित को एडमिट नहीं कर सकते। इसके बाद एसएचओ भरत नगर राम मोहर मीणा ने फोन कर कांस्टेबल को दीपचंद बंधु अस्पताल ले जाने के लिए कहा। जब अमित को ले जाया गया तो अस्पताल के डॉक्टरों ने कुछ दवा दी जिससे अमित की हालत में सुधार हुआ। उसके बाद डॉक्टरों ने उसे कोरोनो टेस्ट कराने के लिए कहा।

आरएमएल अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
उत्तरी पश्चिमी जिले की डीसीपी विजयंता आर्या के मुताबिक, उसके बाद अमित का अशोक विहार कोरोनो टेस्ट के सेंटर में टेस्ट हुआ और फिर उसे आराम करने की सलाह दी गई। डॉक्टरों ने उससे कहा कि वो अपने कमरे में ही क्वारंटाइन रहे। अमित टेस्ट कराने के बाद अपने कमरे में वापस लौट आया। लेकिन मंगलवार शाम उसकी तबियत फिर से बिगड़ गई। विजयंता आर्या के मुताबिक जैसे ही इसकी जानकारी एसएचओ को मिली उन्होंने फौरन आरएमएल अस्पताल में बात करके अमित को वहां भेजा, लेकिन अमित ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बुधवार को अमित की कोरोनो की रिपोर्ट भी आ गई जिसमें पता चला कि वे कोरोना पॉजिटिव थे।
दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने व्यक्त किया दुख
कांस्टेबल अमित राणा की मौत पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दुख व्यक्त किया। साथ ही कहा कि, 'अमित जी अपनी जान की परवाह ना करते हुए करोना की इस महामारी के समय हम दिल्ली वालों की सेवा करते रहे। वे खुद करोना से संक्रमित हो गए और हमें छोड़ कर चले गए। उनकी शहादत को मैं सभी दिल्लीवासियो की ओर से नमन करता हूं। उनके परिवार को 1 करोड़ रुपए की सम्मान राशि दी जाएगी।'












Click it and Unblock the Notifications