कौन थे हुमा कुरैशी के 'भाई' आसिफ? क्या है उनके मर्डर का कारण? दिल्ली पुलिस ने कही ये बात
Who is Asif Qureshi: दिल्ली की रातें अक्सर शांत मानी जाती हैं, लेकिन गुरुवार की रात निजामुद्दीन की एक गली में वो सन्नाटा चीखों से टूट गया, जब मामूली पार्किंग विवाद ने एक परिवार से उनका बेटा, पति और भाई छीन लिया। यह कोई आम मामला नहीं था, क्योंकि जिसने अपनी जान गंवाई, वो बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस हुमा कुरैशी का भाई था। 42 साल के आसिफ कुरैशी को दो लोगों ने मिलकर उसके ही घर के सामने मौत के घाट उतार दिया।
बस इतनी सी बात थी कि किसी ने स्कूटी गलत जगह पार्क कर दी और विरोध करने पर वो तकरार इतनी बढ़ी कि हथियार उठ गए। इस वारदात ने न सिर्फ दिल्ली के दिल को दहला दिया, बल्कि कुरैशी परिवार के लिए एक ऐसा सदमा बन गई जिसे शायद ही कभी भुलाया जा सके। इस झगड़े में बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के चचेरे भाई आसिफ कुरैशी की हत्या कर दी गई। यह वारदात गुरुवार 7 अगस्त की रात करीब 11 बजे हुई। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने आसिफ पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

स्कूटी पार्किंग से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, आसिफ के घर के मेन गेट के सामने कुछ लोग अपनी स्कूटी पार्क कर रहे थे। आसिफ ने इसका विरोध किया, जिसके बाद बहस शुरू हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि दो लोगों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
ये भी पढ़ें: बॉलीवुड की 'महारानी' हुमा कुरैशी के पास है करोड़ों की संपत्ति, एक फिल्म की फीस जान रह जाएंगे भौचक्के
कौन थे आसिफ कुरैशी?
42 साल के आसिफ कुरैशी एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के चाचा के बेटे थे, यानी दोनों चचेरे भाई थे। आसिफ का बिजनेस चिकन सप्लाई का था और वह रेस्टोरेंट्स व होटलों को चिकन सप्लाई करता था। वह अपनी पत्नी शाइना और परिवार के साथ निजामुद्दीन इलाके में ही रहता था।
पहले भी हो चुके थे झगड़े
आसिफ की पत्नी ने बताया कि इस इलाके में पार्किंग को लेकर पहले भी विवाद हो चुके थे। जिस व्यक्ति ने हमला किया, वह भी इसी इलाके का रहने वाला है। यह कोई पहली बार नहीं था जब ऐसी कहासुनी हुई हो, लेकिन इस बार मामला जानलेवा बन गया।
दो शादियां कर चुके थे आसिफ
बताया गया है कि आसिफ ने दो शादियां की थीं। उनकी दूसरी पत्नी का नाम साइनाज कुरैशी है, जिनका असली नाम रेणुका जॉन था। साइनाज पहले ईशाई धर्म से थीं, लेकिन आसिफ से शादी के लिए उन्होंने धर्म परिवर्तन किया था। दोनों ने साल 2018 में लव मैरिज की थी। आसिफ की पहली पत्नी से तलाक नहीं हुआ था, लेकिन वह साइनाज के साथ ही रहते थे।
हुमा का दिल्ली से है गहरा नाता
बॉलीवुड में पहचान बनाने वाली हुमा कुरैशी का जन्म और पालन-पोषण दिल्ली में ही हुआ है। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के गार्गी कॉलेज से पढ़ाई की है। उनके पिता सलीम कुरैशी दिल्ली में मशहूर रेस्टोरेंट चेन 'सलीम' के मालिक हैं। हुमा के परिवार के बाकी सदस्य आज भी दिल्ली में रहते हैं। उनके भाई साकिब सलीम भी एक्टर हैं, जबकि बाकी दो भाई फैमिली बिजनेस संभालते हैं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे सिर्फ पार्किंग का विवाद ही सामने आया है, लेकिन बाकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें: हुमा कुरैशी के 'भाई' की दिल्ली में दर्दनाक हत्या, आखिर किस विवाद में गई जान? दो आरोपी गिरफ्तार












Click it and Unblock the Notifications