Delhi Weather: दिल्ली में जमकर बरसेंगे बदरा, 4 दिनों के लिए जारी हुआ Alert
नई दिल्ली, 08 सितंबर। मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में भारी बारिश की आशंका व्यक्त की है। भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। तो वहीं अगले 24 घंटों के दौरान यहां तेज बारिश हो सकती है इसलिए यहां पर 'यलो अलर्ट' जारी किया गया है।
Recommended Video

9 से 11 सितंबर के बीच दिल्ली में भारी बारिश की आशंका
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 9 से 11 सितंबर के बीच दिल्ली में भारी बारिश की आशंका है तो वहीं 09 से 11 सितंबर के दौरान उत्तर प्रदेश, पश्चिम राजस्थान और उत्तराखंड में भारी बारिश हो सकती है। जबकि छत्तीसगढ़ ,मराठवाड़ा, उत्तर मध्य महाराष्ट्र, उत्तरी कोंकण और गुजरात के क्षेत्र में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली में बारिश का दौर जारी रहेगा
मौसम वैज्ञानिक आरके जीनामणि ने कहा कि जलवायु परिवर्तन की वजह से थोड़े समय में भारी बारिश हो रही है। सितंबर में अब दिल्ली में बारिश का दौर जारी रहेगा और तापमान में कमी आएगी।
दिल्ली में बारिश ने 19 साल का रिकॉर्ड तोड़ा
आपको बता दें कि इस बार दिल्ली में बारिश ने 19 साल का रिकॉर्ड तोड़ा है। 01 सितंबर से हो रही बारिश की वजह से दिल्ली की हालत काफी खराब हो गई थी और इस वजह से दिल्ली के कई इलाके जलमग्न हो गए है, जिसके कारण जनजीवन प्रभावित हुआ था और इस वजह से विरोधी दल आप सरकार को घेर भी रहे थे लेकिन एक बार फिर से बारिश का दौर राजधानी में शुरू हो सकता है।

कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
स्काईमेट ने कहा है कि अगले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड,छत्तीसगढ़, पंजाब,हरियाणा , जम्मू कश्मीर, राजस्थान के पूर्वी हिस्से, मध्य प्रदेश, गोवा, महाराष्ट्र, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गुजरात, यूपी,बिहार में जोरदार बारिश के आसार हैं।

सितंबर 2007 के बाद सितंबर 2021 सबसे ज्यादा बारिश
तो वहीं कल से कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश के रायलसीमा क्षेत्र में जमकर मेघ बरसने के आसार है। स्काईमेट का कहना है कि जो आसार दिख रहे हैं उसके हिसाब से सितंबर 2007 के बाद सितंबर 2021 सबसे ज्यादा बारिश होने वाला महीना साबित हो सकता है। स्काईमेट के अनुमान के मुताबिक एलपीए के 115% से अधिक बरसात होने की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications