Weather News: दिल्ली-NCR में कोहरे का कहर, तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट, जानें UP-बिहार का हाल?
Weather News Update: क्या आपको भी सर्दी ने परेशान कर रखा है? दिल्ली, यूपी, बिहार और कई उत्तर भारतीय राज्यों में ठंड का कहर जारी है। कोहरे और शीतलहर के कारण तापमान में भारी गिरावट हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आज (17 दिसंबर) से दिल्ली-NCR के लोग घने कोहरे का सामना करेंगे।
Recommended Video
ठंडी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक गिर सकता है और अधिकतम तापमान भी 22 डिग्री तक रहने की उम्मीद है। इस बीच, दिल्ली में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। ठंड के साथ-साथ कोहरे और प्रदूषण ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

उत्तर प्रदेश: शीतलहर का असर कई जिलों में
उत्तर प्रदेश के गोंडा, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, बहराइच, अयोध्या जैसे जिलों में ठंडी हवाओं का असर साफ दिख रहा है। सहारनपुर से गोरखपुर तक शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक ठंड का यह सिलसिला जारी रहेगा।
बिहार: कोल्ड वेव का येलो अलर्ट
बिहार में भी ठंड का कहर जारी है। भागलपुर, मुंगेर, जमुई और खगड़िया जैसे जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है। ठंड के कारण लोगों को सुबह और रात के समय काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
हरियाणा और पंजाब: कड़ाके की सर्दी
हरियाणा के हिसार और पंजाब के फरीदकोट में तापमान 0.6 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने हरियाणा के 14 जिलों में शीतलहर और कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान: फतेहपुर में तापमान माइनस में
राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान -0.4 डिग्री दर्ज किया गया। चूरू, पिलानी और सीकर में भी तापमान बेहद नीचे गिर चुका है।
हिमाचल और कश्मीर: बर्फबारी के कारण बढ़ी ठंड
श्रीनगर में रविवार की रात का तापमान -3.4 डिग्री तक पहुंच गया। हिमाचल प्रदेश में भी ठंड का कहर जारी है। ऊना, मंडी, कांगड़ा और बिलासपुर में अगले तीन दिनों तक शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है।
तमिलनाडु: भारी बारिश का अलर्ट
तमिलनाडु के तटीय जिलों में 17 से 19 दिसंबर तक भारी बारिश की संभावना है। नागपट्टिनम, तिरुवरुर और कुड्डालोर जैसे इलाकों में मछुआरों को समुद्र में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
तेलंगाना: पारा गिरकर 9.7 डिग्री सेल्सियस
तेलंगाना में ठंड का कहर जारी है और पूरे राज्य में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार (16 दिसंबर, 2024) को 33 में से 27 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। तेलंगाना विकास योजना सोसाइटी (TGDPS) के आंकड़ों के अनुसार, राज्य की राजधानी हैदराबाद में सुबह ठंड का माहौल रहा और पारा गिरकर 9.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
मुंबई: न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट
शहर में सोमवार को न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट देखी गई, जो पिछले दिन के 16.3 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 14 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। यह शनिवार, 14 दिसंबर को दर्ज किए गए 20.1 डिग्री सेल्सियस से छह डिग्री कम है। हालांकि, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है।
क्या करें ठंड से बचने के लिए?
1. ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनें।
2. बच्चों और बुजुर्गों का खास ख्याल रखें।
3. सुबह-शाम कोहरे में गाड़ी चलाते समय सावधानी बरतें।
4. शरीर को गर्म रखने के लिए गरम पेय पदार्थ जैसे चाय, सूप आदि का सेवन करें।
ये भी पढ़ें- Weather Update: शीतलहर के चलते लोगों का जीना हुआ मुहाल, जानिए आज का मौसम












Click it and Unblock the Notifications