Weather News: दिल्ली में सुबह-शाम धुंध और स्मॉग, दक्षिण भारत में चक्रवात की मार, UP में ठंड बढ़ने के आसार
Weather News Update: : दिसंबर की शुरुआत में ठंड धीरे-धीरे अपना असर दिखा रही है और साथ ही चक्रवात फेंगल ने दक्षिण भारत में तबाही मचा दी है। देश की राजधानी में सोमवार यानी आज सुबह-शाम धुंध और स्मॉग छाए रहने की संभावना है। इससे धूप कम निकलेगी, और तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिलेगी।
मौसम विभाग का कहना है कि 5 दिसंबर से ठंड बढ़ेगी। हालांकि, तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा। इस दौरान दिन का तापमान 27℃ और रात का तापमान 11℃ के आसपास रहेगा।

दक्षिण भारत में चक्रवात फेंगल की तबाही
चक्रवाती तूफान फेंगल ने केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी में भारी तबाही मचाई है। केरल के चार जिलों - मलाप्पुरम, कोझीकोड, वायनाड और कन्नूर में सोमवार यानी आज भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया। पुडुचेरी में 24 घंटे में 50 सेमी तक बारिश हुई, जो 30 साल का रिकॉर्ड है। इसके चलते बाढ़ और भूस्खलन से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। बाढ़ और भूस्खलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
प्रमुख बातें:
- चक्रवात के कारण श्रीलंका और भारत में 19 लोगों की मौत हुई।
- पुडुचेरी में बचाव टीमों ने 200 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
- चेन्नई और विल्लुपुरम में कई राहत शिविर लगाए गए।
- तेज हवाओं और भारी बारिश से पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए।
यूपी में साफ मौसम, लेकिन ठंड बढ़ने के आसार
उत्तर प्रदेश में 2 से 7 दिसंबर तक मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि, सुबह के समय हल्का कोहरा छा सकता है। राम नगरी अयोध्या में न्यूनतम तापमान सबसे कम 7.5℃ रिकॉर्ड किया गया है। लखनऊ में यह 11.3℃ तक है। बुलंदशहर में दिन का तापमान 23℃, जबकि इटावा और नजीबाबाद में 24℃ दर्ज किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications