Weather News: दिल्ली-NCR में क्यों बढ़ गई ठंड? प्रयागराज में मौसम कैसा? जानें अन्य राज्यों का भी हाल?
Weather News: दिल्ली और एनसीआर में ठंड ने एक बार फिर दस्तक दी है। 27 जनवरी तक जहां लोग हल्के गर्म मौसम का अनुभव कर रहे थे, वहीं 28 फरवरी से तापमान में गिरावट आई। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 5.6°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.8°C कम है। मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों से आ रहीं उत्तरी ठंडी हवाओं की वजह से सुबह और रात का तापमान गिरा है।
मौसम विभाग के अनुसार, 31 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे 3 फरवरी को दिल्ली और एनसीआर में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहेगा।

दिल्ली के लोग ठंड के साथ-साथ खराब वायु गुणवत्ता से भी जूझ रहे हैं। मंगलवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 276 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है।
Uttar Pradesh Weather: उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में दिन में तेज धूप और रात में ठंड ने लोगों को परेशान कर रखा है। मौसम विभाग ने 29 और 30 जनवरी को यूपी के कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। बिजनौर, मुरादाबाद, बरेली, गोरखपुर और देवरिया समेत कई इलाकों में कोहरा छाया रहेगा।
31 जनवरी से यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक का अनुमान है। फरवरी की शुरुआत में भी बूंदाबांदी का दौर जारी रह सकता है। हालांकि, इस दौरान तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इटावा और बुलंदशहर में सबसे कम तापमान 6°C दर्ज किया गया, जबकि वाराणसी में 25.9°C के साथ सबसे गर्म दिन रहा।
Prayagraj Mauni amavasya Weather: प्रयागराज में मौनी अमावस्या पर कैसा रहेगा मौसम?
आज मौनी अमावस्या के अवसर पर प्रयागराज में मौसम बिल्कुल साफ रहने की संभावना है। सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालु संगम में स्नान करने के लिए उमड़ रहे हैं। मेला प्रशासन के अनुसार, आज करीब 10 करोड़ लोग संगम में डुबकी लगाएंगे। मंगलवार को ही कुंभ मेले में भारी भीड़ देखी गई, जहां 5 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं।
Rajasthan Weather: राजस्थान में ठंड और बारिश का अनुमान
राजस्थान में दिन में हल्की धूप के बावजूद रात में ठंड अपना असर दिखा रही है। सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 1°C दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम है। 31 जनवरी से राजस्थान में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे जयपुर और भरतपुर संभाग में हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में हल्की बारिश, ओलावृष्टि और शीतलहर की संभावना जताई है। लोगों को सुबह और रात के समय ठंड से बचने के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।
क्या उम्मीद है आगे?
उत्तर भारत में जनवरी के आखिरी दिनों तक ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश और ठंडी हवाओं का असर बना रहेगा। सुबह और रात के समय गर्म कपड़े पहनने और कोहरे में वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications