दिल्ली में होली के दिन भीषण गर्मी ने तोड़ा 76 साल पुराना रिकॉर्ड, मार्च में आसमान से बरस रही आग
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में गर्मी ने मार्च से ही अपने तीखे तेवर दिखाना शुरू कर दिए हैं। दिल्ली का पारा अब लगातार चढ़ रहा है। लोगों का गर्मी से हाल बेहाल हो रहा है। चिलचिलाती धूप और सूरज की आग बरसाती लपटों से लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिसने मार्च में 76 साल पुराना गर्मी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

मार्च, 1945 में 40 के पार गया था पारा
मौसम विभाग ने सोमवार को बताया कि दिल्ली में होली के दिन भीषण गर्मी देखी गई है। दिल्ली का अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो मार्च में 76 साल में सबसे गर्म दिन रहा। आईएमडी के मुताबिक दिल्ली का अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 8 डिग्री ज्यादा था। मौसम विभाग ने बताया कि इससे पहले 31 मार्च, 1945 को मार्च में यह सबसे गर्म दिन था, जब राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
Recommended Video

न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा
आईएमडी के मुताबिक नजफगढ़, नरेला, पीतमपुरा और पूसा में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस, 41.7 डिग्री सेल्सियस, 41.6 डिग्री सेल्सियस और 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक 20.6 डिग्री सेल्सियस पहुंचा है, जो भी सामान्य से 3 डिग्री ऊपर है। मंगलवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मंगलवार को गर्मी से राहत की उम्मीद
वहीं अगर मौसम विभाग की मानें तो मंगलवार को दिल्लीवासियों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने तेज हवाओं के चलने की संभावना जताई है। ऐसे में आने वाले दो दिन राहत भर हो सकते हैं। आपको बता दें कि बीते एक हफ्ते से दिल्ली का पारा लगातार ऊपर की ओर जा रहा है। ऐसे में अभी मार्च ही निकला है। अभी अप्रैल, मई और जून की गर्मी तो बाकी है।












Click it and Unblock the Notifications