Weather News: दिल्ली-NCR समेत उत्तर-पश्चिम भारत में 5 दिनों तक भारी बारिश, जानें UP का हाल?
Weather News: जुलाई का महीना भीषण गर्मी से राहत देने वाला साबित हो रहा है। मानसून अपना जलवा दिखा रहा है। जगह-जगह बारिश की बूंदें राहत पहुंचा रहीं है। लेकिन, देश के कुछ इलाके भारी बारिश से हलकान दिखाई दे रहे हैं। जिसमें मुख्य रूप से महाराष्ट्र का मुंबई शामिल है। वहीं, चिपचिपी गर्मी से दिल्लीवासियों को बारिश राहत का एहसास करा रही है।
मंगलवार को दिल्ली के कई इलाकों में भारी बारिश के कारण जलभराव हो गया और यातायात बाधित हुआ। पेड़ गिरने की भी घटनाएं सामने आईं। दिन के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार शहर में शुरू में हल्की से बहुत हल्की बारिश होने का अनुमान था और भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक येलो अलर्ट जारी किया था। सुबह 11.30 बजे से दोपहर 2.30 बजे के बीच शहर के कुछ हिस्सों में मध्यम बारिश हुई।

शहर के प्रतिनिधि सफदरजंग बेस स्टेशन ने 30.8 मिमी बारिश दर्ज की। लोधी रोड, रिज और दिल्ली विश्वविद्यालय स्थित मौसम केंद्रों ने क्रमशः 34.2 मिमी, 11 मिमी और 10 मिमी मध्यम से हल्की वर्षा दर्ज की।
दिल्ली के इन इलाकों में पेड़ गिरने की घटनाएं
दिल्ली नगर निगम को सिविल लाइन जोन में प्रीत विहार, हरि नगर, उत्तम नगर, करोल बाग, जीटीबी नगर, नजफगढ़ जोन में करावल नगर, मंडावली, ग्रेटर कैलाश, जामिया नगर, चांदनी चौक, आजाद मार्केट, राज नगर से जलभराव की शिकायतें मिली हैं। कालकाजी एक्सटेंशन और मयूर विहार फेज II से पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं।
इस बीच, सफदरजंग बेस स्टेशन पर अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, दिल्ली में AQI 'संतोषजनक' श्रेणी में रहा तथा यह 84 तक पहुंच गया।
क्या है मौसम विभाग की भविष्यवाणी?
आईएमडी के सात दिवसीय पूर्वानुमान में बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है और कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि, बाद के दिनों में येलो अलर्ट जारी किया गया है और मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की गई है।
आईएमडी की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अगले पांच दिनों तक दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर-पश्चिम भारत में छिटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अलर्ट जारी
वहीं, उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में पिछले एक सप्ताह से जमकर बारिश हो रही है। इसकी वजह से अधिकतम तापमान 33-35 डिग्री और न्यूनतम पारा 22 डिग्री से 25 डिग्री सेल्सियस बना है। हालांकि, रविवार से लखनऊ और आसपास के जिलों में मानसून की रफ्तार धीमी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक धूप के बीच बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। बूंदाबांदी और भारी बारिश के आसार नहीं हैं, लेकिन गुरुवार से मौसम फिर बदलेगा।












Click it and Unblock the Notifications