Weather News: फरवरी में बढ़ेगी ठंड! दिल्ली में घना कोहरा, यूपी-बिहार में बारिश का अलर्ट, जानें कब मिलेगी राहत?
Delhi UP Bihar Weather News Update: जनवरी के अंत और फरवरी की शुरुआत ठंड की दस्तक के साथ होने जा रही है। दिल्ली में शुक्रवार को घना कोहरा छाने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, सुबह के समय कुछ इलाकों में बहुत घना कोहरा रह सकता है, जिससे ठंड और बढ़ेगी। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा। सुबह और शाम की ठिठुरन लोगों को महसूस होगी।
गुरुवार सुबह सफदरजंग एयरपोर्ट पर दृश्यता 500 मीटर और पालम एयरपोर्ट पर 700 मीटर दर्ज की गई। हालांकि, दोपहर में धूप निकलने से ठंड से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के मुताबिक, न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोधी रोड और रिज क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

प्रदूषण का कहर जारी
दिल्ली की हवा अब भी 'बेहद खराब' श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 363 दर्ज किया गया, जबकि कुछ इलाकों में AQI 400 के पार पहुंच गया। एनसीआर में सबसे साफ हवा गुरुग्राम में रही, जहां AQI 282 दर्ज किया गया, जबकि गाजियाबाद में 245 और नोएडा में 238 AQI रहा।
यूपी और बिहार में भी मौसम का बदलाव
उत्तर भारत, खासतौर पर यूपी और बिहार में भी मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। फरवरी की शुरुआत में दो पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के कारण 3 फरवरी से यूपी में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार,
- 31 जनवरी: यूपी के कई जिलों में घना कोहरा रहेगा, जिसके चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। सहारनपुर से बलिया तक करीब 30 जिलों में सुबह और देर रात कोहरा छाया रहेगा।
- 1 फरवरी: कई इलाकों में कोहरे की चादर देखने को मिलेगी, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है।
- 2 फरवरी: मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 3 फरवरी से बारिश का सिलसिला शुरू होगा, जो 2-3 दिनों तक जारी रहेगा।
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि फरवरी की शुरुआत में पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत को प्रभावित करेंगे, जिससे यूपी में बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी भी होगी। हालांकि, तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।
अयोध्या रहा सबसे ठंडा
यूपी में गुरुवार को सबसे कम तापमान अयोध्या में 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि प्रयागराज में सबसे ज्यादा 27.0 डिग्री सेल्सियस रहा। वाराणसी, लखनऊ और प्रयागराज में भी इसी के आसपास तापमान रिकॉर्ड किया गया।
बिहार में भी ठंड और बारिश की संभावना
बिहार में अगले दो दिनों तक तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ठंड बढ़ सकती है।
- 31 जनवरी से 4 फरवरी: बिहार के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। फिलहाल राज्य में धूप निकली हुई है, जिससे दिन का तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है।
- आज का मौसम: बिहार के 15 जिलों में घना कोहरा रहेगा, खासकर सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा और पूर्णिया में सुबह और शाम घना कोहरा छाने की संभावना है। पटना, गया, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, बेगूसराय और जहानाबाद में हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा।
सबसे कम और सबसे ज्यादा तापमान
बिहार में सबसे कम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस बक्सर के इटरही प्रखंड में दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस नवादा जिले के नारदीगंज में दर्ज किया गया।
घर से निकलने से पहले रखें सावधानी
बढ़ती ठंड और प्रदूषण को देखते हुए घर से बाहर निकलते समय गर्म कपड़े जरूर पहनें। खासतौर पर नाक, कान और पैरों को ढककर रखें। गर्म चाय, कॉफी और सूप जैसे पेय पदार्थ शरीर को गर्म रखने में मदद कर सकते हैं। अगर ठंड से जुड़ी कोई समस्या हो तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।












Click it and Unblock the Notifications