कौन हैं Youth Congress के अध्यक्ष उदय भानु चिब? AI समिट 'शर्टलेस प्रदर्शन' के मास्टरमाइंड! अब हुई गिरफ्तारी
Indian Youth Congress president Uday Bhanu Chib: इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए 'शर्टलेस' प्रोटेस्ट के बाद दिल्ली पुलिस ने इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को 20 घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद 24 फरवरी को उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को चार दिन की रिमांड दे दी।
अब जांच एजेंसियां उनसे पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं। गिरफ्तारी होने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है कि आखिर इस पूरे घटनाक्रम की जिम्मेदारी किस स्तर तक तय होगी। अब तक इस मामले में 7 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

दिल्ली पुलिस ने उदय भानु चिब को बताया मास्टरमाइंड
दिल्ली पुलिस ने उदय भानु चिब को इस विरोध का उदय भानु चिब को बताया मास्टरमाइंड बताते हुए पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया है। जांच एजेंसी का कहना है कि चिब ने अलग-अलग राज्यों से लोगों को संगठित किया। अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुए इस प्रदर्शन की कड़ी जांच के लिए आरोपी को अलग-अलग स्थानों पर ले जाना जरूरी है। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गिरफ्तार किए गए यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का बचाव करते हुए उन्हें 'बब्बर शेर' करार दिया है। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है।
कांग्रेस यूथ के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित AI इम्पैक्ट समिट के दौरान अचानक शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर विरोध दर्ज कराया गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और एफआईआर दर्ज की। एआई समिट में हुए विरोध प्रदर्शन का उदय भानु चिब को मास्टरमाइंड कहा जा रहा है। ऐसे में आइए जानें उदय भानु चिब कौन हैं?
कौन हैं उदय भानु चिब? (Who is Uday Bhanu Chib)
- उदय भानु चिब जम्मू-कश्मीर के पलौड़ा के रहने वाले हैं। उदय भानु चिब कांग्रेस नेता हरि सिंह चिब के बेटे हैं। उनकी राजनीतिक यात्रा छात्र संगठन एनएसयूआई से शुरू हुई।
- उदय भानु चिब को जम्मू-कश्मीर एनएसयूआई के अध्यक्ष बने, फिर राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी संभाली। बाद में उन्हें जम्मू-कश्मीर युवा कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया। संगठन में लगातार सक्रियता और नेतृत्व क्षमता के चलते पार्टी ने उन्हें भारतीय युवा कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया।
- Uday Bhanu Chib Caste: उदय भानु चिब 'चिब' समुदाय से आते हैं, जिसे जम्मू क्षेत्र में प्रमुख राजपूत समुदाय के तौर पर जाना जाता है। वे जम्मू-कश्मीर चुनावों के लिए कांग्रेस की घोषणापत्र समिति का भी हिस्सा रह चुके हैं। खास बात यह है कि वे जम्मू-कश्मीर से दूसरे ऐसे नेता हैं जिन्हें युवा कांग्रेस की कमान मिली। इससे पहले यह जिम्मेदारी गुलाम नबी आजाद ( Ghulam Nabi Azad) निभा चुके हैं।
उदय भानु चिब पर किन धाराओं में दर्ज हुई FIR?
उदय भानु चिब के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई गंभीर धाराएं जोड़ी गई हैं। पुलिस के अनुसार, धारा 196 के तहत विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने और सद्भाव बिगाड़ने से जुड़े आरोप लगाए गए हैं, जबकि धारा 197 राष्ट्रीय एकता के प्रतिकूल बयान देने से संबंधित है। इन धाराओं में अधिकतम तीन साल तक की सजा का प्रावधान है।
इसके अलावा आपराधिक साजिश, लोक सेवक के कार्य में बाधा डालना, विधिवत जारी आदेश की अवहेलना, गैरकानूनी जमावड़ा और समान मंशा जैसी धाराएं पहले से ही एफआईआर में शामिल की जा चुकी हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में घुसने की क्या थी योजना? दिल्ली पुलिस ने बताया
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, एआई इम्पैक्ट समिट में विरोध करने के लिए प्रदर्शनकारियों ने पहले ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर क्यूआर कोड हासिल किया, ताकि वे आधिकारिक तौर पर कार्यक्रम स्थल में प्रवेश कर सकें। जांच में सामने आया है कि शुरुआत में आरोपियों ने काले रंग की छतरियों पर स्टिकर चिपकाकर उन्हें भारत मंडपम के भीतर ले जाने की योजना बनाई थी।
हालांकि बाद में उन्हें आशंका हुई कि काले छाते गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों का ध्यान खींच सकते हैं। इसके बाद रणनीति बदली गई। पुलिस का दावा है कि प्रदर्शनकारी स्टिकर प्रिंट कराकर उन्हें टी-शर्ट पर चिपकाकर कमीज के नीचे पहनकर अंदर पहुंचे, ताकि सही मौके पर उन्हें दिखाया जा सके।
AI समिट में हुए विरोध प्रदर्शन को लेकर अब तक 8 गिरफ्तार, अब तक मामले में क्या-क्या हुआ?
उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में पकड़े गए लोगों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है। इससे पहले जितेंद्र यादव, राजा गुर्जर और अजय कुमार समेत कुछ अन्य आरोपियों को ग्वालियर सहित अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया था। सभी के खिलाफ तिलक मार्ग थाने में केस दर्ज है।
यूथ कांग्रेस अध्यक्ष की गिरफ्तारी के बाद राजधानी में संभावित विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए पुलिस अलर्ट मोड में है। दिल्ली के संवेदनशील और प्रमुख इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।
फिलहाल, AI समिट में हुआ यह शर्टलेस विरोध कांग्रेस और भाजपा के बीच नई राजनीतिक बहस की वजह बन गया है। पीएम मोदी ने भी मेरठ में 22 फरवरी को संबोधित करते हुए कहा था कि कांग्रेस वालों तुम्हें कपड़े उतारने की क्या जरूरत थी, देश पहले से जानता है कि आप नंगे हो। पीएम मोदी ने राहुल गांधी का बिना नाम लिए, उन्हें कांग्रेस का सिरफिरा नेता कहा।
उदय भानु चिब के लिए यह घटनाक्रम एक बड़ी राजनीतिक परीक्षा की तरह देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में यह स्पष्ट होगा कि यह मामला सिर्फ कानून-व्यवस्था का मुद्दा है या सियासी टकराव की नई कड़ी।












Click it and Unblock the Notifications