Tillu Gang कौन है? दिल्ली के रोहिणी में पुलिस एनकाउंटर के बाद 2 शूटर गिरफ्तार, खूनी इतिहास की कहानी
Delhi Police Tillu Gang Encounter: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राजधानी में गैंगवार की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए टिल्लू ताजपुरिया गैंग (Tillu Tajpuria Gang) के दो कथित शूटरों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को रोहिणी इलाके में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के बाद दबोचा गया। पुलिस का दावा है कि ये दोनों हाल ही में प्रतिद्वंद्वी गोगी-दिनेश कराला गैंग के सदस्य हरीश माथुर की हत्या में शामिल थे और आगे भी कई वारदातों को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे।
आरोपियों की पहचान विक्की उर्फ राहुल रंगा (27) और विशाल उर्फ साहिल (26) के रूप में हुई है। दोनों के पैरों में पुलिस की जवाबी फायरिंग के दौरान गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। आइए विस्तार से जानते हैं कि कैसे टिल्लू की मौत के बाद भी चल रहा नेटवर्क?

क्या है पूरा मामला?
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, स्पेशल सेल को इन दोनों बदमाशों की गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद शनिवार (1 अगस्त) रात UER-II रोड, रोहिणी के पास जाल बिछाया गया। जैसे ही दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। पुलिस का आरोप है कि रुकने के बजाय दोनों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया। इस मुठभेड़ में किसी भी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।
क्या-क्या बरामद हुआ?
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं, जिनमें शामिल हैं...
- दो अवैध पिस्तौल
- छह जिंदा कारतूस
- छह खाली कारतूस के खोखे
- हत्या में इस्तेमाल की गई कथित मोटरसाइकिल
पुलिस का कहना है कि यही बाइक 30 जुलाई को हरीश माथुर की हत्या में इस्तेमाल की गई थी।
हरीश माथुर की हत्या क्यों की गई?
रोहिणी के डीसीपी शशांक जायसवाल के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने गोगी-दिनेश कराला गैंग (Gogi-Dinesh Karala Gang) से जुड़े होने के कारण हरीश माथुर को निशाना बनाया। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों ने प्रतिद्वंद्वी गैंग के पांच से छह अन्य सदस्यों की भी रेकी कर ली थी और उन पर हमले की योजना बनाई जा रही थी। दिल्ली पुलिस का मानना है कि समय रहते गिरफ्तारी होने से राजधानी में गैंगवार की एक और बड़ी घटना टल गई।
विदेश से मिल रहे थे डायरेक्शन
जांच में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी एन्क्रिप्टेड कम्युनिकेशन ऐप्स के जरिए अमेरिका में बैठे टिल्लू गैंग के एक सदस्य के संपर्क में थे। यही विदेशी हैंडलर उन्हें लगातार निर्देश दे रहा था। पुलिस के अनुसार, हथियार और नकदी सीधे हाथों-हाथ नहीं दी जाती थी। इन्हें हरियाणा के खरखोदा-रोहतक रोड पर एक सुनसान स्थान पर छोड़ दिया जाता था, जहां से आरोपी उन्हें उठाते थे। इस तरीके का इस्तेमाल पुलिस की निगरानी से बचने के लिए किया जाता था।
आरोपियों की आपराधिक कुंडली क्या कहती है?
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पहले से कई मामलों में वांछित रहे हैं। विक्की उर्फ राहुल रंगा पर हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, विशाल उर्फ साहिल के खिलाफ तीन केस दर्ज हैं, जिनमें दो आर्म्स एक्ट से जुड़े हैं।
Who Was Tillu Tajpuria Gang: आखिर कौन था टिल्लू ताजपुरिया?
टिल्लू ताजपुरिया, जिसका असली नाम सुनील मान था, दिल्ली के बाहरी इलाके ताजपुर गांव का रहने वाला था। इसी वजह से उसे 'टिल्लू ताजपुरिया' के नाम से जाना जाने लगा। शुरुआत में वह कॉलेज छात्र राजनीति और स्थानीय विवादों से जुड़ा था, लेकिन बाद में अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गया। समय के साथ उसने अपना अलग गैंग खड़ा कर लिया, जिसने दिल्ली, हरियाणा और एनसीआर के कई इलाकों में रंगदारी, हत्या और गैंगवार की घटनाओं को अंजाम दिया।
जितेंद्र गोगी से कैसे शुरू हुई दुश्मनी?
दिल्ली के अपराध जगत की सबसे चर्चित गैंगवारों में टिल्लू ताजपुरिया और जितेंद्र गोगी गैंग की दुश्मनी शामिल रही है। बताया जाता है कि दोनों कभी एक-दूसरे को जानते थे, लेकिन वर्चस्व की लड़ाई ने उन्हें कट्टर दुश्मन बना दिया। इसके बाद दोनों गैंगों के बीच लगातार खूनी संघर्ष शुरू हो गया। इस गैंगवार में कई बदमाशों, सहयोगियों और आम लोगों की भी जान गई। दिल्ली और हरियाणा पुलिस के लिए यह प्रतिद्वंद्विता लंबे समय तक बड़ी चुनौती बनी रही।
टिल्लू की हत्या कैसे हुई?
2 मई 2023 को दिल्ली की तिहाड़ जेल में टिल्लू ताजपुरिया की हत्या कर दी गई थी। जेल के भीतर प्रतिद्वंद्वी गैंग से जुड़े कैदियों ने लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से उस पर हमला किया। गंभीर रूप से घायल टिल्लू को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने देश की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े किए थे। गैंग का सरगना मारा जाने के बाद भी उसका नेटवर्क तुरंत खत्म नहीं होता। टिल्लू गैंग का संचालन अब उसके पुराने सहयोगी और विदेश में बैठे हैंडलर कथित तौर पर कर रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications
