Delhi: बीजेपी नेता तजिंदर बग्गा पहुंचे घर, बोले- भाजपा कार्यकर्ता किसी से नहीं डरेगा
नई दिल्ली, 07 मई: दिन भर चले ड्रामे के बाद आखिरकार देर रात दिल्ली बीजेपी के प्रवक्ता तजिंदर पाल सिंह बग्गा को देर रात द्वारका कोर्ट मजिस्ट्रेट के घर गुरुग्राम में पेशी के बाद अपने घर भेज दिया गया है। जहां से वो दिल्ली में अपने घर पर पहुंचे। इस दौरान भारी संख्या में मौजूद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने बग्गा का स्वागत किया। घर आने के बाद तजिंदर बग्गा ने कहा कि जो लोग मानते हैं कि वे पुलिस की मदद से कुछ भी कर सकते हैं, मैं उन्हें बताना चाहूंगा कि एक BJP कार्यकर्ता किसी से नहीं डरेगा।

हम ये लड़ाई लड़ते रहेंगे- बग्गा
वहीं अपने बयान में आगे बग्गा ने कहा अगर अरविंद केजरीवाल जी समझते हैं कि धमकियों से और FIR से हमें डरा सकते हैं तो मैं कहना चाहता हूं कि हम ये लड़ाई लड़ते रहेंगे। आप एक नहीं 100 FIR करो। हम उस धर्म से आते हैं, जिन्होंने कश्मीरी पंडितों के लिए बलिदान दिया। आपकी पुलिस मुझे धमकी देती है कि कश्मीर फिल्म के ऊपर जिन्होंने बयान दिया अगर आप उस पर बात करना बंद कर देंगे तो आपके ऊपर लगा केस वापस ले लिया जाएगा।
Recommended Video
तजिंदर बग्गा ने कहा कि मैं हरियाणा, दिल्ली पुलिस और सभी BJP कार्यकर्ताओं को मेरा समर्थन करने के लिए धन्यवाद देता हूं। दिल्ली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है और संबंधित लोगों को दंडित किया जाएगा। वहीं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने बग्गा के घर लौटने पर कहा कि यह सत्य की जीत, लोकतंत्र की जीत और न्याय की जीत है। भाजपा का हर एक कार्यकर्ता न्याय के लिए संघर्ष करता रहेगा। हम किसी से नहीं डरते। अन्याय के खिलाफ हम सड़कों पर उतरेंगे।
मेडिकल रिपोर्ट में चोट के निशान
वहीं इससे पहले दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में बग्गा का मेडिकल कराया गया, जिसकी रिपोर्ट में उनके पीठ पर चोट के निशान मिले हैं। वहीं ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने एसएचओ से बीजेपी प्रवक्ता को सुरक्षा मुहैया कराने का भी आदेश दिया है। दरअसल यह मामला उस वक्त हाई वोल्टेज हो गया, जब तजिंदर बग्गा को शुक्रवार सुबह पंजाब पुलिस ने उनके घर दिल्ली से गिरफ्तार किया था। बता दें कि पंजाब की मोहाली पुलिस ने बग्गा के खिलाफ साइबर सेल में केस दर्ज किया था, जिसके चलते दिल्ली से उनकी गिरफ्तारी की गई। हालांकि पंजाब पुलिस का रास्ते में हरियाण पुलिस से सामना हो गया। हरियाणा पुलिस ने पंजाब पुलिस की गाड़ियों को कुरुक्षेत्र में रोक लिया और बग्गा को हरियाणा पुलिस ने दिल्ली पुलिस को सौंप दिया।
वहीं बीजेपी नेता बग्गा के कथित अपहरण के आरोप में दिल्ली पुलिस ने पंजाब पुलिस के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की है। पूरे मामले में दिल्ली पुलिस का प्रतिनिधित्व करने वाले एएसजी सत्य पाल जैन ने बताया कि शुक्रवार सुबह जनकपुरी थाना में बग्गा के पिता ने FIR दर्ज कराया, जिसमें उन्होंने कहा कि सुबह कुछ लोग उनके घर आकर तोड़फोड़ की और तजिंदर को जबरदस्ती उठाकर ले गए। उन्हें भी मारा गया और उन्हें तथा उनके बेटे की जान को खतरा है। इस पर जनकपुरी थाना में FIR दर्ज हुआ और उसके बाद दिल्ली पुलिस को द्वारका कोर्ट से सर्च वारंट मिला। जब पता लगा कि उन्हें पिपिली के पास हरियाणा पुलिस ने पकड़ा है, जिसके बाद वहां से दिल्ली पुलिस ने बग्गा को अपने हिरासत में लेकर दिल्ली आई।
हरियाणा सीएम का बयान
इस मामले में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि पंजाब पुलिस को दिल्ली पुलिस को बताना चाहिए था। सुबह 5 बजे बग्गा को उठाया गया जिसके बाद उनके पिता ने FIR दर्ज कराई। उन्होंने हरियाणा पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद हरियाणा पुलिस ने पिपिली के पास उस गाड़ी को रोका और दिल्ली पुलिस को सूचना दी। खट्टर ने आगे कहा कि उन्हें कानूनी प्रक्रिया का पालन करना चाहिए था और ये राजनीतिक मुद्दा है और चुनाव के दिनों तजिंदर बग्गा ने कुछ भाषण दिया होगा, उस समय एक दूसरे पर आरोप लगाए जाते हैं और उस समय कोई घटना होती है तो चुनाव आयोग का उसका संज्ञान लेती है। लेकिन पंजाब पुलिस का इस प्रकार दबाव डालना और राजनीतिक आदमी को इस प्रकार से उठाकर लाना नहीं चाहिए था।
आप ऑफिस पर बीजेपी का प्रदर्शन
इधर बग्गा की गिरफ्तारी पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी के कार्यालय के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। बीजेपी ने आरोप लगाया कि आप पंजाब में अपनी सरकार बनाने के बाद पुलिस का दुरुपयोग जा रहा है। आरोप है कि पंजाब पुलिस ने कार्रवाई के पहले दिल्ली पुलिस से संपर्क नहीं किया था।












Click it and Unblock the Notifications