दिल्ली में वायु प्रदूषण का संकट बरकरार, AQI 219 तक पहुंचा, सर्दी से भी हालात खराब
Delhi Pollution: दिल्ली में सेहत बिगाड़ने वाले वायु प्रदूषण की स्थिति लगातार कायम है। शनिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 219 तक पहुँच गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने सुबह 8 बजे इसे मापा है। एक तरफ हवा में जहर घुला हुआ है,तो वही दूसरी तरफ ठंड ने भी लोगों का जीना मुहाल कर रखा है।
आज सुबह इंडिया गेट, बारापुला और लोधी रोड जैसे इलाकों में धुंध की एक पतली परत देखी गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, अलीपुर में एक्यूआई 231, अशोक विहार में 225, बवाना में 262 और बुराड़ी क्रॉसिंग में 274 था। वहीं, कुछ क्षेत्रों में 'मध्यम' एक्यूआई भी दर्ज किया गया, जैसे सीआरआरआई मथुरा रोड (एक्यूआई 194), डीटीयू (एक्यूआई 200), करणी सिंह शूटिंग रेंज (एक्यूआई 194) और IHBAS, दिलशाद गार्डन (एक्यूआई 192)।

एक्यूआई (AQI) को श्रेणियों में समझें
- 0-50: अच्छा
- 51-100: संतोषजनक
- 101-200: मध्यम
- 201-300: खराब
- 301-400: बहुत खराब
- 401-500: गंभीर
दिल्ली की वायु गुणवत्ता में लगातार गिरावट
दीपावली के बाद से दिल्ली की वायु गुणवत्ता 'बहुत गंभीर', 'गंभीर', 'बहुत खराब' और 'खराब' श्रेणियों में बनी रही है। दिल्ली के निवासी सांस लेने में कठिनाई और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे हैं।
GRAP प्रतिबंधों में ढील
गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) को दिल्ली-एनसीआर में GRAP चरण 4 की पाबंदियों को GRAP चरण 2 तक शिथिल करने की अनुमति दी। वायु प्रदूषण में कुछ कमी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय ने स्कूलों में शारीरिक कक्षाओं को फिर से शुरू करने का आदेश जारी किया। सभी सरकारी, निजी और सहायता प्राप्त स्कूलों में शारीरिक कक्षाएं तत्काल प्रभाव से शुरू हो गईं हैं।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, शनिवार को हवा की स्थिति में बदलाव हो सकता है, जिससे एक्यूआई और खराब हो सकता है। वायु प्रदूषण के स्तर में वृद्धि के कारण हवा 'खराब' श्रेणी तक पहुँच सकती है। शुक्रवार को दिल्ली में एक्यूआई 197 दर्ज किया गया था, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है।
दिल्ली में कैसा है मौसम?
दिल्ली में ठंडी हवाओं के कारण सर्दी का अहसास बढ़ गया है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस था। शनिवार को न्यूनतम तापमान में और गिरावट की संभावना है। रविवार को पश्चिम हिमालय क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे हल्की बारिश और ठंड में वृद्धि होने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications