दिल्ली में प्रदूषण को लेकर मंत्री सौरभ भारद्वाज का बड़ा बयान, यह पूरे उत्तर भारत से जुड़ी समस्या है
DELHI: बुधवार को दिल्ली में वायु प्रदूषण को लेकर अरविंद केजरीवाल सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बड़ा बयान दिया है। मंत्री भारद्वाज ने कहा कि प्रदूषण पूरे उत्तर भारत की समस्या है। उन्होंने साथ में जोड़ा कि कभी उत्तर प्रदेश के किसी शहर में प्रदूषण शीर्ष पर होता है, तो कभी हरियाणा के किसी शहर में यह स्थिति होती हैं। यहां तक कि राजस्थान का शहर भी प्रदूषण के मामले में कभी शीर्ष पर सुर्खियों में आ जाता है। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि प्रदूषण पूरे उत्तर भारत से जुड़ी समस्या है।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि प्रदूषण की समस्या पार पाने के लिए सभी प्रदेशों और केंद्र सरकार को एक साथ मिलकर दीर्घकालिक योजनाएं बनाने की जरूरत है। अगर दिल्ली की बात की जाए, तो वो भारत के नक्शे पर ठीक से दिखाई भी नहीं देती है। दिल्ली कहा है, आपको उसे ढूंढना पड़ता है। उन्होंने आगे कहा कि अब ये सोचना कि जो दिल्ली भारत के नक्शे पर दिखाई नहीं देती, उसकी वजह से पूरे उत्तर भारत में प्रदूषण फैल रहा है, तो यह ओछी राजनीति है।
प्रदूषण के मामले में दिल्ली सरकार में पर्यावरण मंत्री गोपाल राय के मुताबिक दिल्ली में वायु प्रदूषण विरोधी अभियान के कारण से लोगों को एक्यूआई के मामले में राहत मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण को कंट्रोल करने के लिए सभी क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है। पानी का छिड़काव किया जा रहा है, इसके बावजूद पीएम 10 का स्तर भले ही नीचे जा रहा है, लेकिन पीएम 2.5 का लेवल ऊपर पहुंच रहा है। उन्होंने आगे जोड़ा कि वाहनों से होने वाला प्रदूषण और बाहर बायोमास जलाने से उत्पन्न होने वाला प्रदूषण इसमें प्रमुख भूमिका निभाता है। उन्होंने बताया कि इस बात को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार ने 26 अक्टूबर से जन जागरूकता अभियान 'रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ' की तैयारियों के संबंध में बैठक बुलाई है।
यह भी पढ़ें MP Election 2023: 5 सीटों पर कांग्रेस बदल सकती है प्रत्याशी, नई दिल्ली में कांग्रेस की बैठक की खबर












Click it and Unblock the Notifications