दिल्ली चुनाव में सपा ने कैसे की AAP की मदद, रामगोपाल यादव ने बताया
दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 में आम आदमी पार्टी (AAP) ने भारी बहुमत से जीतकर अपने आप को फिर से साबित कर दिया। वहीं, समाजवादी पार्टी दिल्ली चुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत में अपना सहयोग मानती है। समाजवादी पार्टी के नेता राम गोपाल यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'दिल्ली में रणनीतिक तौर पर चुनाव नहीं लड़ने का फैसला लिया गया था।' उन्होंने कहा कि यह फैसला वोटों के बिखराव को रोकने के लिए था।

AAP की जीत में सपा का हाथ
सपा नेता रामगोपाल यादव दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणामों के आने के बाद संसद भवन परिसर में मीडिया से चर्चा कर रहे थे। वहीं एक सवाल के जवाब में उन्होंने यह जताने की कोशिश की कि आम आदमी पार्टी की जीत में परोक्ष रूप से सपा का भी हाथ है। यह और बात है कि पिछले चुनाव में दिल्ली में कांग्रेस जरूर 9-10 फीसद वोट पाने में सफल हुई थी लेकिन बाकी छोटी पार्टियों को सम्मिलित रूप से एक फीसद वोट मिला था।

AAP ने दिए राष्ट्रीय राजनीति में जाने के संकेत
वहीं, दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी ने राष्ट्रीय राजनीति में जाने के संकेत दिए हैं। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आप दिल्ली के संयोजक गोपाल राय ने कहा कि शहर ने प्यार को वोट दिया और नफरत को हराया। पार्टी की राजनीति अब केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रहेगी। राय ने कहा कि दिल्ली में आप के जश्न ने देशभक्ति को नई परिभाषा दी है। इसमें आम आदमी के लिए कार्य करना शामिल है। यहां एक नए प्रकार का राष्ट्रवाद पैदा हुआ है। जो आम आदमी के बारे में बात करने के साथ -साथ उसके जीवन स्तर में सुधार की भी बात करता है।

संजय सिंह ने किया दिल्ली की जनता का धन्यवाद
वहीं आप से राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि मैं दिल्ली की जनता का धन्यवाद करता हूं कि यहां की जनता ने देश में नई राजनीति की शुरुआत की है। जनता ने यह साबित किया है कि काम के नाम पर भी चुनाव जीते जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमने पूरे चुनाव में बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों को चुनावी मुद्दा बनाया और इस पर जनता ने मुहर लगाई है।












Click it and Unblock the Notifications