Republic Day Parade: साथ न ले जाएं ये सामान वरना गेट से ही लौटना पड़ेगा, चेक करें पूरी 'बैन लिस्ट'
Republic Day Parade 2026: 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कर्तव्य पथ पर होने वाली भव्य परेड को देखने का उत्साह पूरे देश में है। हालांकि, राजधानी में कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल और बहुस्तरीय सुरक्षा घेरे को देखते हुए, दिल्ली पुलिस ने दर्शकों के लिए एक विस्तृत 'निषेध सूची' (Prohibited List) जारी की है। यदि आप भी 26 जनवरी 2026 को इस ऐतिहासिक समारोह का हिस्सा बनने जा रहे हैं, तो यह जानना बहुत जरूरी है।
सुरक्षा जांच के दौरान किन वस्तुओं को ले जाने की अनुमति है और किन पर पूरी तरह पाबंदी लगाई गई है इसकी पूरी डिटेल यहां दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था इतनी सख्त है कि रिमोट वाली कार की चाबी से लेकर सिक्कों तक को ले जाना आपके एंट्री में रुकावट बन सकता है।

Republic Day Parade: इन चीजों को ले जाने पर है सख्त मनाही
दिल्ली पुलिस की एडवाईजरी के अनुसार, सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए निम्नलिखित वस्तुओं को परेड स्थल पर लाने की अनुमति नहीं दी जाएगी:
ये भी पढ़ें: Republic Day Chief Guest: जब गणतंत्र दिवस पर पाकिस्तानी नेता बना चीफ गेस्ट, किस भारतीय PM ने भेजा था न्योता?
डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण: पावर बैंक, मोबाइल चार्जर, ईयरफोन, आईपैड, टैबलेट, डिजिटल डायरी, लेजर लाइट और किसी भी प्रकार का रेडियो ट्रांजिस्टर। यहां तक कि रिमोट से चलने वाली कार की चाबियां (Key Fobs) भी प्रतिबंधित हैं।
नुकीली और धात्विक वस्तुएं: चाकू, कैंची, ब्लेड, नेल कटर, पेचकस, सुई, पिन और किसी भी प्रकार के तार। सुरक्षा कारणों से सिक्कों को भी न ले जाने की सलाह दी गई है।
ज्वलनशील और नशीले पदार्थ: माचिस, लाइटर, सिगरेट, बीड़ी, तंबाकू, गुटखा, शराब और किसी भी प्रकार का ज्वलनशील तरल (जैसे परफ्यूम या डिओडोरेंट)।
खाने-पीने का सामान: थर्मस, पानी की बोतलें, कोल्ड ड्रिंक कैन, लंच बॉक्स और बाहर का कोई भी खाद्य पदार्थ। (अंदर खान-पान की सीमित सुविधाएं उपलब्ध हो सकती हैं)।
अन्य प्रतिबंधित सामान: छाता (Umbrella), सेल्फी स्टिक, दूरबीन (Binoculars), हैंडबैग, ब्रीफकेस, कैमरा (प्रोफेशनल) और किसी भी प्रकार का पोस्टर या बैनर।
Republic Day Parade: प्रवेश के लिए क्या है अनिवार्य?
परेड स्थल में प्रवेश पाने के लिए आपके पास केवल ये दो चीजें होनी चाहिए:
वैध टिकट या डिजिटल पास: सुनिश्चित करें कि आपने इसे आधिकारिक पोर्टल से ही प्राप्त किया है।
मूल पहचान पत्र (Original Photo ID): प्रवेश के समय आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट दिखाना अनिवार्य है। (वही आईडी ले जाएं जो टिकट बुकिंग के समय उपयोग की गई थी)।
Republic Day Parade Traffic and Parking: यातायात और पार्किंग की चुनौतियां
परेड के चलते मध्य दिल्ली के कई रास्ते बंद रहेंगे। विजय चौक से इंडिया गेट तक कर्तव्य पथ पर यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। दर्शकों को सलाह दी गई है कि वे निजी वाहनों के बजाय दिल्ली मेट्रो का उपयोग करें। 26 जनवरी को चुनिंदा मेट्रो स्टेशनों (जैसे उद्योग भवन और केंद्रीय सचिवालय) के प्रवेश और निकास द्वार समय-समय पर बंद किए जा सकते हैं, इसलिए समय से पहले निकलना ही बुद्धिमानी है।
दर्शकों के लिए विशेष निर्देश-
समय का प्रबंधन: सुरक्षा जांच में लगने वाले समय को देखते हुए सुबह 7:00 बजे तक अपनी सीट पर पहुँचने का प्रयास करें।
ड्रेस कोड: दिल्ली की सर्दी को देखते हुए पर्याप्त गर्म कपड़े पहनें, लेकिन जैकेट की जेबें खाली रखें ताकि मेटल डिटेक्टर से गुजरते समय देरी न हो।
सहयोग: सुरक्षा कर्मियों के साथ सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति को देखने पर तुरंत तैनात पुलिस अधिकारी को सूचित करें।












Click it and Unblock the Notifications